पट्टी कोतवाली क्षेत्र में दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर की टक्कर से साइकिल सवार अधेड़ की मौत, घर की खुशियां मातम में बदलीं
पट्टी कोतवाली क्षेत्र में दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर की टक्कर से साइकिल सवार अधेड़ की मौत, घर की खुशियां मातम में बदलीं
प्रतापगढ़।पट्टी कोतवाली क्षेत्र के मजीठी ईंट भट्ठे के पास शुक्रवार दोपहर एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रैक्टर ने साइकिल सवार 55 वर्षीय अधेड़ को जोरदार टक्कर मार दी। इस भयानक हादसे में गंभीर रूप से घायल अधेड़ की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पट्टी में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, कंजा गांव निवासी रामजनक वर्मा (55) शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे किसी काम से साइकिल से मकरा गांव गए थे। वापस लौटते समय जैसे ही वे मजीठी ईंट भट्ठे के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे एक अज्ञात ट्रैक्टर ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।मृतक के भतीजे संतराम ने बताया कि अस्पताल लाते वक्त उनके मुंह से सिर्फ एक शब्द निकला — "ट्रैक्टर"। घटनास्थल पर साइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त मिली, और सीने व पैर में गंभीर चोटों को देखकर आशंका जताई जा रही है कि ट्रैक्टर चालक उन्हें रौंदते हुए निकल गया।
अचानक हुई इस दुर्घटना से रामजनक वर्मा के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान आनंद शुक्ला, पत्नी सुमित्रा देवी, बेटा लक्ष्मी राम और बेटी शिल्पी अस्पताल पहुंच गए।
परिजनों ने बताया कि महज दो महीने पहले ही बेटे लक्ष्मी राम की शादी हुई थी, जिससे घर में खुशियों का माहौल था। वहीं, बेटी शिल्पी की अभी शादी होनी बाकी है। अचानक हुई इस अप्रत्याशित घटना से परिवार की दुनिया उजड़ गई है और पूरे गांव में शोक की लहर है।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को अपने कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुट गई है। पुलिस अज्ञात ट्रैक्टर चालक की तलाश कर रही है।
Comments
Post a Comment