तर्क और संवाद की कसौटी पर योगेश ने मारी बाजी, बने ‘द ग्रेट अजगरा डिबेट’ के विजेता,चार चरणों में दिखाया दम, अब जनपद स्तरीय मुकाबले में रामगंज का करेंगे प्रतिनिधित्व,
तर्क और संवाद की कसौटी पर योगेश ने मारी बाजी, बने ‘द ग्रेट अजगरा डिबेट’ के विजेता,
चार चरणों में दिखाया दम, अब जनपद स्तरीय मुकाबले में रामगंज का करेंगे प्रतिनिधित्व,
आसपुर देवसरा सवालों की बौछार, तर्कों की कसौटी और दमदार संवाद के बीच शनिवार को नगर पंचायत रामगंज में आयोजित ‘अजगरा महान संवाद-2026 : द ग्रेट अजगरा डिबेट’ में उच्च प्राथमिक विद्यालय रसूलपुर-हैदरपुर के विज्ञान शिक्षक योगेश प्रताप सिंह ने बाजी मार ली। प्रभावी अभिव्यक्ति, विषय की गहरी समझ और सटीक तर्कों के बल पर उन्होंने प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया। जीत के साथ ही अब वह जनपद स्तरीय मुकाबले में नगर पंचायत रामगंज का प्रतिनिधित्व करेंगे।जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय की पहल पर आयोजित इस प्रतियोगिता में नगर पंचायत के सभी 13 वार्डों से चयनित प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश सिंह के सहयोग और अधिशासी अधिकारी ज्योतिमा सिंह के मार्गदर्शन में प्रतियोगिता कराई गई।प्रतियोगिता को चार चरणों में बांटा गया था। पहले चरण में प्रतिभागियों ने चार मिनट का आरंभिक वक्तव्य देकर विषय पर अपनी समझ और विचार प्रस्तुत किए। दूसरे चरण में प्रतिभागियों ने एक-दूसरे से सवाल पूछकर तर्कशक्ति की परीक्षा ली। तीसरे चरण में मौजूद लोगों ने प्रतिभागियों से सवाल किए। अंतिम और निर्णायक चरण में निर्णायक मंडल ने ‘यक्ष प्रश्न’ पूछकर प्रतिभागियों की विषयगत पकड़, त्वरित सोच और तार्किक क्षमता को परखा।
पूरे मुकाबले में योगेश प्रताप सिंह का प्रदर्शन लगातार प्रभावी रहा। उन्होंने आत्मविश्वास के साथ सवालों का जवाब दिया और अपने तर्कों से निर्णायक मंडल को प्रभावित किया। विषय की स्पष्ट समझ और सहज संवाद शैली के चलते चारों चरणों में उनका प्रदर्शन अन्य प्रतिभागियों पर भारी पड़ा।
प्रतियोगिता के मूल्यांकन के लिए जनपद स्तर से नामित चार सदस्यीय निर्णायक मंडल मौजूद रहा। निर्णायकों ने विषय-वस्तु की समझ, तार्किकता,अभिव्यक्ति-कौशल, सवालों के जवाब और संवाद शैली को आधार बनाकर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया। अंत में योगेश प्रताप सिंह को विजेता घोषित किया गया।योगेश की सफलता पर कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्धजनों और लोगों ने खुशी जताई। अब नगर पंचायत स्तर पर जीत दर्ज करने के बाद योगेश प्रताप सिंह जनपद स्तरीय मंच पर रामगंज की ओर से अपनी बात और तर्क रखेंगे।
Comments
Post a Comment