दिल्ली सड़क हादसे में इलाके की विवाहिता की मौत, शव पहुंचते ही गांव में मचा कोहराम,बुधवार को शव पहुंचा गांव, अंतिम संस्कार के लिए प्रयागराज ले गए परिजन,
दिल्ली सड़क हादसे में इलाके की विवाहिता की मौत, शव पहुंचते ही गांव में मचा कोहराम,
बुधवार को शव पहुंचा गांव, अंतिम संस्कार के लिए प्रयागराज ले गए परिजन,
प्रतापगढ़। दिल्ली में सड़क हादसे में जान गंवाने वाली दिलीपपुर क्षेत्र के यहियापुर गांव निवासी विवाहिता सरिता ओझा (42) का शव बुधवार सुबह गांव पहुंचा। शव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गमगीन माहौल में परिजन अंतिम संस्कार के लिए शव को प्रयागराज ले गए।यहियापुर निवासी राजाराम ओझा के बेटे अशोक कुमार ओझा दिल्ली में रहकर एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। वह अपनी पत्नी सरिता ओझा और दो बेटों श्रेयांस व दिव्यांश के साथ दिल्ली में रहते थे।बताया गया कि सोमवार दोपहर करीब दो बजे सरिता ओझा अपने छोटे बेटे दिव्यांश को स्कूल से लेने के लिए सड़क पर पहुंची थीं। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि सरिता उछलकर सड़क के डिवाइडर से जा टकराईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल सरिता को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया और घटना की सूचना उनके पति अशोक कुमार ओझा को दी। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बुधवार सुबह सरिता का शव गांव पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। बाद में परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए प्रयागराज ले गए।
Comments
Post a Comment