सदर अस्पताल में चोरी के मामले में तीन गिरफ्तार, ऑक्सीजन पाइप बरामद
सदर अस्पताल में चोरी के मामले में तीन गिरफ्तार, ऑक्सीजन पाइप बरामद
प्रतापगढ़। सदर अस्पताल में ऑक्सीजन पाइप चोरी करने के मामले में कोतवाली नगर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए ऑक्सीजन पाइप के टुकड़े बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ 17 अगस्त को दर्ज मुकदमे के आधार पर कार्रवाई की गई।पुलिस के अनुसार, सदर अस्पताल में चोरी की घटना के बाद आरोपियों की तलाश की जा रही थी। बृहस्पतिवार को पुलिस टीम चौकी सदर अस्पताल क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना पर ग्रीन वार्ड के पास से नासिर पुत्र जहीर निवासी विवेक नगर, रामबाबू पुत्र रामचंद्र निवासी सदर बाजार और राजू पुत्र बिल्ला निवासी सहोदरपुर पूर्वी को गिरफ्तार कर लिया गया। नासिर के कब्जे से चोरी किए गए ऑक्सीजन पाइप के टुकड़े बरामद हुए।पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि 17 अगस्त को उन्होंने सदर अस्पताल से ऑक्सीजन पाइप और अन्य सामान चोरी किया था। इसी दौरान सुरक्षा गार्ड के पहुंचने पर वे मौके से भाग गए और चोरी किए गए पाइप के टुकड़ों को ग्रीन वार्ड के पास छिपा दिया था। बृहस्पतिवार को वे पाइप लेने पहुंचे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ दर्ज मु0अ0सं0 499/2026, धारा 305/317(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तारी टीम में महिला उपनिरीक्षक अर्चना, हेड कांस्टेबल विवेक कुमार अवस्थी और कांस्टेबल निकित गौड़ शामिल रहे।
Comments
Post a Comment