घर में घुसकर मार-पीट: महिला व तीन बच्चे घायल, पीड़िता ने कोतवाली में दी तहरीर
घर में घुसकर मार-पीट: महिला व तीन बच्चे घायल, पीड़िता ने कोतवाली में दी तहरीर
पट्टी। कोतवाली क्षेत्र के ढिंदुई गांव निवासी जोहरा बानो पत्नी सहजाद ने पट्टी कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि गांव के ही एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसके घर में घुसकर मारपीट की, जिसमें वह स्वयं और उसके तीन बच्चे घायल हो गए।पीड़िता ने बताया कि वह अपने परिवार के जीविकोपार्जन के लिए घर पर ही किराने की दुकान चलाती है। सोमवार की शाम करीब 4 बजे गांव का एक युवक उसकी दुकान पर आया और उधारी की मांग करने लगा। उधारी देने से इनकार करने पर युवक ने हंगामा किया, जिसे आसपास के लोगों ने समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद वह चला गया।आरोप है कि उसी रात करीब 11 बजे युवक अपने अन्य साथियों के साथ पीड़िता के घर पहुंचा और जबरन दुकान खुलवाने का दबाव बनाने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने उसके बेटे समर का गला दबाकर मारपीट की। शोर सुनकर जब पीड़िता और उसकी दो बेटियां बाहर आईं तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी।पीड़िता का आरोप है कि जान बचाकर जब वह अपने बच्चों के साथ घर के अंदर भागी, तो आरोपी घर में घुस आए और सभी की पिटाई की। घटना के समय पीड़िता का पति घर पर मौजूद नहीं था। पति के वापस लौटने पर मंगलवार की शाम करीब 4 बजे पीड़िता कोतवाली पहुंची और आरोपियों के विरुद्ध तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।इस संबंध में पुलिस का कहना है कि पीड़िता की तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के उपरांत विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Comments
Post a Comment