अधिवक्ता एवं लेखपाल के बीच विवाद का देर शाम समझौते से हुआ पटाक्षेप दोनों पक्षों ने दी थी कोतवाली में तहरीर
अधिवक्ता एवं लेखपाल के बीच विवाद का देर शाम समझौते से हुआ पटाक्षेप
दोनों पक्षों ने दी थी कोतवाली में तहरीर
पट्टी। तहसील परिसर में सुबह अधिवक्ता एवं लेखपाल के बीच मारपीट का मामला तूल पकड़ गया। अधिवक्ताओं ने प्रकरण को लेकर जमकर बवाल काटा नौबत यहां तक पहुंच गई की लेखपाल भाग कर एसडीएम के चेंबर में पहुंच गया, उन्हें अपना चेंबर बंद करना पड़ा। घटना को लेकर तहसील परिसर में अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया। अधिवक्ता भारी संख्या में कोतवाली पहुंच गए और कोतवाली में हंगामा करने लगे। तहसील परिसर से लेकर कोतवाली तक अधिवक्ता जमकर नारेबाजी करते रहे। सूचना पर सीओ मनोज रघुवंशी कोतवाल आनंदपाल सिंह भदोरिया भी मौके पर पहुंचे और मामला शांत कराया तथा अधिवक्ता की तहरीर ली। देर शाम कोतवाली में इंस्पेक्टर क्राइम शुभनाथ शाही,बार अध्यक्ष अनिल सिंह, महामंत्री प्रमोद सिंह, पूर्व बार अध्यक्ष राधारमण मिश्र, लेखपाल संघ के अध्यक्ष चंद्रभान सिंह व पीड़ित दोनों पक्ष के लोगों के बीच कोतवाली में लिखित समझौता हुआ है। समझौते की कापी कोतवाली में दोनों पक्षों द्वारा दी गई है। इलाके के बीबीपुर निवासी अधिवक्ता रोशन सिंह पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि तहसील के सरसी क्षेत्र के लेखपाल अविनाश सिंह से खसरा बनवाने गए जहां दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी बीच विवाद बढ़ा तो मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना की जानकारी मिलते ही तहसील के अधिवक्ताओं में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि अधिवक्ताओं का आक्रोश देख लेखपाल भागकर एसडीएम न्यायिक अनुराग सिंह के चेंबर में घुस गया। अधिवक्ता वहां तक पहुंच गए। लेकिन तब तक चेंबर बंद कर दिया गया।
सूचना पर सीओ मनोज कुमार सिंह रघुवंशी, कोतवाल आनंदपाल पुलिस बल के साथ भागकर तहसील में पहुंचे। अधिवक्ताओं को शांत कराया। बाद में बार अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह, महामंत्री प्रमोद सिंह समेत कई अधिवक्ताओं ने एसडीएम पूर्णेंदु मिश्र से बैठक कर विरोध दर्ज कराया। देर शाम पीड़ित लेखपाल भी अपने साथियों के साथ कोतवाली पहुंचा और सरकारी कामकाज में बाधा मारपीट समेत अन्य आरोपों की तहरीर कोतवाली पुलिस को दी। इसकी सूचना पाते ही बार अध्यक्ष अनिल सिंह, महामंत्री प्रमोद सिंह,अधिवक्ता रवि सिंह, अनिल सिंह, विक्रम सिंह, मनीष तिवारी, विकास तिवारी सहित अन्य लोग कोतवाली पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच में वार्ता का दौर शुरू हुआ और लेखपाल संघ के अध्यक्ष चंद्रभान सिंह को मध्यस्थता के लिए बुलाया गया। कुछ देर बातचीत के बाद दोनों पक्ष सुलह के लिए राजी हो गए और समझौते पर हस्ताक्षर कर मामले का पटाक्षेप कर दिया।
Comments
Post a Comment