होली-रमजान पर प्रशासन अलर्ट, देवसरा में शांति समिति की बैठक संपन्न
होली-रमजान पर प्रशासन अलर्ट, देवसरा में शांति समिति की बैठक संपन्न
पट्टी।आगामी होली और रमजान पर्व को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से आसपुर देवसरा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों ने भाग लेते हुए आपसी सौहार्द, भाईचारा और सामाजिक समरसता के साथ त्योहार मनाने का संकल्प लिया।थाना अध्यक्ष राकेश कुमार चौरसिया ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।रमजान के मद्देनज़र इफ्तार और नमाज के समय विशेष सहयोग तथा आपसी सम्मान बनाए रखने की बात कही गई। वहीं होली को लेकर होलिका दहन स्थलों, जुलूस मार्गों और संवेदनशील स्थानों की समीक्षा कर आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया गया। यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए भी विशेष योजना बनाने की जानकारी दी गई।
बैठक में ग्राम प्रधान सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
Comments
Post a Comment