मजीठी में तालाब पट्टा आवंटन रोकने के लिए एसडीएम को सौंपा पत्र,ग्रामीणों का आरोप, दलित बस्ती के पास स्थित तालाब का पट्टा होने से प्रभावित होगा निकास,
मजीठी में तालाब पट्टा आवंटन रोकने के लिए एसडीएम को सौंपा पत्र,
ग्रामीणों का आरोप, दलित बस्ती के पास स्थित तालाब का पट्टा होने से प्रभावित होगा निकास,
पट्टी। तहसील क्षेत्र के मजीठी गांव के ग्रामीणों ने सोमवार को उपजिलाधिकारी पट्टी को एक प्रार्थना पत्र सौंपकर गांव में स्थित एक तालाब के मत्स्य पालन पट्टा आवंटन की प्रक्रिया को तत्काल रोकने की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि इस तालाब का पट्टा किसी बाहरी या दबंग व्यक्ति को दिया गया, तो इससे पूरी दलित बस्ती का निकास और दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो जाएगा।एसडीएम को दिए गए शिकायती पत्र में मजीठी गांव के प्रार्थीगण सुरेंद्र कुमार, मनोज कुमार, सावन सरोज, विनोद, अंकित, धर्मेंद्र, बिजेंद्र कुमार, राम अजोर, राम चरन और जितेंद्र कुमार आदि ने बताया कि ग्राम-मजीठी परगना व तहसील-पट्टी के अंतर्गत आने वाला तालाब नंबर-21 पूरी तरह से दलित बस्ती के समीप स्थित है। इस तालाब के किनारे दलित समाज के लोग अपना निकास, बैठास, उपली-पाथना, पुआल रखना तथा पशुओं को चराने जैसे आवश्यक कार्य करते हैं। बस्ती की महिलाओं और बच्चों का दिनभर इस मार्ग से आवागमन रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि दलित बस्ती के चारों तरफ अन्य वर्गों की भूमि होने के कारण उनके पास इसके अतिरिक्त निकास का कोई दूसरा विकल्प नहीं है। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत जनसुनवाई पोर्टल पर भी की है। इस संबंध में उपजिलाधिकारी पट्टी पूर्णन्द्र मिश्रा ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि वे मौके पर जाकर अभिलेखीय एवं स्थलीय जांच करें और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही क्षेत्र में पूरी तरह से शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
Comments
Post a Comment