15 साल बाद दहेज के लिए विवाहिता को पीटकर घर से निकाला, तीन बच्चों की मां ने पुलिस से लगाई गुहार

15 साल बाद दहेज के लिए विवाहिता को पीटकर घर से निकाला, तीन बच्चों की मां ने पुलिस से लगाई गुहार
पट्टी। दहेज उत्पीड़न का एक मामला सामने आया है, जिसमें तीन बच्चों की मां ने ससुराल पक्ष पर मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाया है। पीड़िता के पिता ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।जनपद जौनपुर के मुंगराबादशाहपुर निवासी मटोल गौतम ने आरोप लगाया कि उन्होंने अपनी बेटी रोशनी की शादी करीब 15 वर्ष पूर्व हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार दान-दहेज देकर पट्टी कोतवाली क्षेत्र के पुरानीपट्टी गांव निवासी गौरी शंकर के साथ की थी। शादी के बाद शुरुआती दिनों में सब कुछ ठीक चलता रहा। इस दौरान रोशनी के तीन बच्चे हुए, जिनमें बड़ी बेटी रागनी, छोटी बेटी रंगोली और बेटा दानिया शामिल हैं।आरोप है कि समय बीतने के साथ ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर रोशनी को प्रताड़ित करने लगे। पीड़िता का कहना है कि आए दिन उसके साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया जाता था। आरोप है कि मंगलवार सुबह करीब 10 बजे ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट की और उसे घर से निकाल दिया।
घटना की जानकारी रोशनी ने अपने मायके वालों को दी, जिसके बाद पिता उसे लेकर पट्टी कोतवाली पहुंचे और दहेज उत्पीड़न समेत अन्य आरोपों को लेकर पुलिस को शिकायती पत्र सौंपा।इस संबंध में पट्टी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आनंदपाल सिंह ने बताया कि पीड़िता की ओर से शिकायती पत्र प्राप्त हुआ है। मामले की जांच कराई जा रही है, जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Comments