गोंई गांव में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया भगवान जगन्नाथ का पावन स्नान महोत्सव

गोंई गांव में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया भगवान जगन्नाथ का पावन स्नान महोत्सव
पट्टी। तहसील क्षेत्र के विकासखंड बाबा बेलखरनाथ धाम अंतर्गत गोंई-सरखेलपुर गांव के समीप स्थित श्री श्री जगन्नाथ मंदिर (इस्कॉन हरिनाम प्रचार केंद्र) में सोमवार को भगवान श्री जगन्नाथ का पावन स्नान पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। महोत्सव में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान के दर्शन किए और सुख-समृद्धि की कामना की।
महोत्सव के दौरान भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा का दूध, दही, शहद एवं पवित्र जल से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधानपूर्वक महाअभिषेक किया गया। महाअभिषेक के उपरांत भगवान ने भक्तों को अपने दिव्य एवं दुर्लभ गज वेश (हाथी स्वरूप) में दर्शन दिए। भगवान के इस अद्भुत स्वरूप के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिर परिसर में उमड़ पड़ी।
धार्मिक मान्यता के अनुसार स्नान पूर्णिमा के बाद भगवान जगन्नाथ 15 दिनों तक अनसर (एकांतवास) में विराजमान रहते हैं, जिसके दौरान सामान्य दर्शन बंद रहते हैं। इसलिए गज वेश के दर्शन अत्यंत दुर्लभ एवं पुण्यदायी माने जाते हैं।
मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन, आरती, हरिनाम संकीर्तन तथा महाप्रसाद वितरण सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। आयोजकों ने बताया कि क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम में सहभागिता कर आध्यात्मिक वातावरण का आनंद लिया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा के पूर्व विधायक राजेंद्र प्रताप सिंह 'मोती सिंह', भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश त्रिपाठी, गौरांग दास, आनंद शर्मा, छोटे सिंह, सुधीर श्रीवास्तव, रंजन त्रिपाठी, गंगा प्रसाद तिवारी सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने भगवान जगन्नाथ की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और मंगलमय जीवन की कामना की।

Comments

Popular posts from this blog

पट्टी इलाके में स्कूल के छत पर रंगरलिया मना रहे प्रेमी जोड़ों को ग्रामीण पकड़ा पीट कर किया पुलिस के हवाले

शादी के तीसरे दिन चचेरी बहन को लेकर युवक फरार ,एक बार फिर रिश्ते हुए शर्मसार

पट्टी कोतवाली के एक गांव में किशोरी को भगा ले गया युवक, मुकदमा दर्ज