बांस-बल्ली के सहारे दौड़ रही बिजली की केबल, हादसे की आशंका
बांस-बल्ली के सहारे दौड़ रही बिजली की केबल, हादसे की आशंका
प्रतापगढ़ जनपद के पट्टी तहसील क्षेत्र के सरसतपुर गांव में बिजली व्यवस्था की लापरवाही लोगों की जान पर भारी पड़ सकती है। गांव में विद्युत केबल बांस-बल्ली के सहारे खींची गई है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है। जमीन से महज करीब 10 फीट की ऊंचाई पर केबल लटकने के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों का कहना है कि नीचे लटक रही केबल के कारण राहगीरों और बच्चों के साथ-साथ कृषि कार्य करने वाले किसानों को भी खतरा बना रहता है। बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है। ग्रामीणों ने कई बार विभागीय अधिकारियों से विद्युत पोल लगवाकर स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है।गांव के मनोज कुमार, पप्पू, मिट्ठू, महेंद्र, संतराम, हीरालाल और कन्हैया लाल सहित अन्य ग्रामीणों ने जल्द से जल्द विद्युत पोल लगवाकर समस्या का समाधान कराने की मांग की है।इस संबंध में प्रधान पुत्र शुभम मिश्रा ने बताया कि मामले से संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजकर अवगत करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही गांव में विद्युत पोल लगवाकर केबल को सुरक्षित तरीके से स्थापित कराया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को राहत मिल सके।
Comments
Post a Comment