पुराने विवाद में युवक को रोककर पीटा, जान से मारने की धमकी,राहगीरों को देखकर आरोपी साथियों संग भागे, पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
पुराने विवाद में युवक को रोककर पीटा, जान से मारने की धमकी,
राहगीरों को देखकर आरोपी साथियों संग भागे, पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
पट्टी।आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के धरौली गांव में पुराने विवाद को लेकर एक युवक को रास्ते में रोककर मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक को लाठी-डंडे से पीटकर घायल कर दिया गया। राहगीरों के पहुंचने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। पीड़ित के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भांटीखुर्द वार्ड निवासी अवधेश कुमार यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका परिवार धरौली गांव में रहता है। 28 जुलाई की शाम करीब आठ बजे उनका पुत्र दूध देने के लिए सुभाष डेयरी दाऊदपुर जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में धरौली गांव निवासी मोहन उर्फ दीपक मिश्रा ने अपने साथियों के साथ उसे रोक लिया।
पुरानी बात को लेकर आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर राहगीर मौके पर पहुंचने लगे तो आरोपी गाली-गलौज करते हुए युवक को जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। मारपीट में युवक को काफी चोटें आईं।
घटना के बाद पीड़ित के पिता ने 29 जुलाई को आसपुर देवसरा थाने में तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर आरोपियों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। मामले में थाना अध्यक्ष राकेश चौरसिया ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
Comments
Post a Comment