सई नदी में मिला छह दिन से लापता बुजुर्ग का शव, परिजनों में मचा कोहराम,
सई नदी में मिला छह दिन से लापता बुजुर्ग का शव, परिजनों में मचा कोहराम,
26 अगस्त को घर से निकले थे भदेवरा निवासी शिवशंकर यादव, जेब में मिली डायरी से हुई पहचान
बेलखरनाथ धाम। पट्टी कोतवाली क्षेत्र के भदेवरा गांव से छह दिन पूर्व लापता हुए बुजुर्ग का शव सोमवार को पड़ोसी जनपद जौनपुर के महराजगंज थाना क्षेत्र में तेजी बाजार के पास सई नदी में उतराया मिला। शव की जेब से मिली डायरी में दर्ज मोबाइल नंबर के जरिये पुलिस ने उसकी पहचान कर परिजनों को सूचना दी। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।भदेवरा गांव निवासी शिवशंकर यादव (60) बीते 26 अगस्त की शाम बिना बताए घर से निकल गए थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास के गांवों, रिश्तेदारों और परिचितों के यहां काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। सोमवार को तेजी बाजार के पास सई नदी किनारे झाड़ियों में स्थानीय लोगों ने एक शव फंसा देखा। मछली पकड़ने गए ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।सूचना पर तेजी बाजार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाया। तलाशी के दौरान मृतक की जेब से एक छोटी डायरी मिली। डायरी में दर्ज मोबाइल नंबर पर पुलिस ने संपर्क किया। फोन लखनऊ में रह रहे मृतक के बेटे अजय यादव ने उठाया। पुलिस से जानकारी मिलने के बाद अजय ने अपने भाई संजय यादव को घटना की सूचना दी।शिवशंकर यादव की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी केवला देवी और बहुओं का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजन जौनपुर पहुंचे और शव की पहचान की।
जौनपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सोमवार दोपहर करीब दो बजे पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो अंतिम दर्शन के लिए ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। देर शाम परिजन अंतिम संस्कार के लिए शव प्रयागराज ले गए।
Comments
Post a Comment