ओडीओपी योजना ने बदली अनुराग खंडेलवाल की तस्वीर, रूपये 110 लाख के ऋण से खड़ी हुई आधुनिक इकाई, 100 लोगों को मिला रोजगार
ओडीओपी योजना ने बदली अनुराग खंडेलवाल की तस्वीर, रूपये 110 लाख के ऋण से खड़ी हुई आधुनिक इकाई, 100 लोगों को मिला रोजगार
प्रतापगढ़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने, युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और जनपदों की पारंपरिक विशेषताओं को औद्योगिक पहचान दिलाने के उद्देश्य से संचालित ‘एक जनपद-एक उत्पाद’ (ओडीओपी) योजना का प्रभाव प्रतापगढ़ में भी दिखाई दे रहा है। जिले में आंवला की उपलब्धता को देखते हुए इससे जुड़े खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों को बढ़ावा मिल रहा है। इसी क्रम में अनुराग खंडेलवाल ने ओडीओपी योजना का लाभ लेकर खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है।शंकरदयाल रोड प्रतापगढ़ निवासी अनुराग खंडेलवाल अपने पैतृक व्यवसाय में पिता ओम प्रकाश खंडेलवाल का सहयोग करते थे। उनके मन में स्वयं का नवीन व्यवसाय स्थापित करने की इच्छा थी। इसी उद्देश्य से उन्होंने जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र कार्यालय से संपर्क किया। कार्यालय द्वारा जनपद में आंवला की उपलब्धता को देखते हुए उन्हें आंवला आधारित उद्योग स्थापित करने की सलाह दी गई तथा ‘एक जनपद-एक उत्पाद’ योजना के संबंध में विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई। योजना की जानकारी और विभागीय मार्गदर्शन से उन्हें अपने उद्यम को साकार करने का अवसर मिला।ओडीओपी योजना के अंतर्गत प्राप्त रूपये 110 लाख की ऋण सहायता का उपयोग करते हुए खंडेलवाल द्वारा औद्योगिक आस्थान सुखसुपालनगर में खाद्य प्रसंस्करण की आधुनिक इकाई स्थापित की गई। इस इकाई ने स्थानीय स्तर पर उपलब्ध आंवला आधारित उत्पादों को प्रसंस्करण एवं बाजार से जोड़ने का कार्य किया। उद्यमी के निरंतर और सार्थक प्रयासों के परिणामस्वरूप आज उनकी इकाई के उत्पाद कई प्रदेशों में सफलतापूर्वक बिक्री किए जा रहे हैं। इस उद्यम की सफलता का सबसे महत्वपूर्ण पक्ष रोजगार सृजन भी है। वर्तमान में इकाई में लगभग 100 महिला एवं पुरुष श्रमिक कार्यरत हैं, जिससे अनेक परिवारों को रोजगार का प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है। इकाई का वर्तमान वार्षिक टर्नओवर लगभग रूपये 450 लाख है। उद्यमी द्वारा देश के सभी प्रदेशों में अपने उत्पादों की बिक्री बढ़ाने और कारोबार का निरंतर विस्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार द्वारा ओडीओपी के माध्यम से स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों, पारंपरिक उत्पादों और उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों से ऐसे उद्यमियों को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। प्रतापगढ़ की इस सफलता की कहानी यह दर्शाती है कि स्थानीय उत्पाद, सरकारी सहयोग और उद्यमी के निरंतर प्रयास मिलकर रोजगार एवं आर्थिक विकास का मजबूत आधार तैयार कर सकते हैं। जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र प्रतापगढ़ द्वारा भी उद्यमी को उनकी आवश्यकतानुसार हरसंभव सहयोग प्रदान किया जा रहा है।
Comments
Post a Comment