53.90 लाख की धोखाधड़ी में वांछित आरोपी सुल्तानपुर से गिरफ्तार
53.90 लाख की धोखाधड़ी में वांछित आरोपी सुल्तानपुर से गिरफ्तार
आसपुर देवसरा। माइक्रो फाइनेंस कंपनी में फर्जी दस्तावेज तैयार कर 138 सदस्यों के नाम पर 53 लाख 90 हजार रुपये की धोखाधड़ी और गबन के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मुकदमे में वांछित चल रहे सुल्तानपुर जिले के चांदा थाना क्षेत्र के भीटी गांव निवासी संतोष कुमार यादव (29) को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी चांदा-कादीपुर मार्ग पर भीटी गांव के पास से की गई।
पुलिस के मुताबिक, आशीर्वाद माइक्रो फाइनेंस लिमिटेड की ढकवा शाखा में 8 मार्च से 26 जून 2025 के बीच 18 गांवों के 138 सदस्यों के साथ फर्जी दस्तावेजों के जरिए लाखों रुपये की धोखाधड़ी किए जाने का मामला सामने आया था। मामले में क्षेत्रीय प्रबंधक ज्ञानेंद्र यादव की तहरीर पर शाखा प्रबंधक वेद प्रकाश श्रीवास्तव, उप शाखा प्रबंधक कौस्तुभ उपाध्याय, फील्ड स्टाफ सिद्धार्थ यादव, सूरज कुमार सरोज, संतोष कुमार यादव समेत बाहरी दलालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।मामले में नामजद संतोष कुमार यादव तभी से पुलिस की पकड़ से बाहर था। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देश पर वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत आसपुर देवसरा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक हरेंद्र नारायण राय, कांस्टेबल नीरज पटेल, अरविंद यादव, सोम चौहान, महिला कांस्टेबल बिंदू कुमारी और चालक कांस्टेबल वीरेंद्र कुमार शामिल रहे।
Comments
Post a Comment