बिहार ब्लॉक का मान बढ़ाया विवेक सिंह ने, अजगरा महोत्सव महान संवाद में द्वितीय स्थान प्राप्त कर बने जोनल विजेता
बिहार ब्लॉक का मान बढ़ाया विवेक सिंह ने, अजगरा महोत्सव महान संवाद में द्वितीय स्थान प्राप्त कर बने जोनल विजेता
राजकुमारी रत्ना सिंह ने अव्वल प्रतियोगियों को सौंपा प्रमाणपत्र
कुंडा। बिहार विकास खंड के गोगौर ग्राम पंचायत निवासी विवेक सिंह ने अपनी प्रतिभा और उत्कृष्ट बौद्धिक क्षमता के बल पर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अजगरा महोत्सव के अंतर्गत आयोजित जोनल स्तरीय ‘महान संवाद’ प्रतियोगिता में विवेक सिंह ने द्वितीय स्थान प्राप्त करते हुए जोनल स्तर पर अपनी विशेष पहचान बनाई है।विवेक सिंह, गोगौर ग्राम पंचायत के प्रधान एवं प्रधान संघ के प्रतापगढ़ जिलाध्यक्ष पिंटू सिंह के पुत्र हैं। वर्तमान में विवेक सिंह इंग्लैंड स्थित ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से अपनी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। विदेश में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बावजूद स्थानीय भाषा, संस्कृति और सामाजिक विषयों पर उनकी गहरी पकड़ ने प्रतियोगिता में सभी को प्रभावित किया।
विवेक सिंह ने ब्लॉक स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने के बाद जोनल स्तर पर द्वितीय स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से न केवल उनके गांव गोगौर बल्कि पूरे बिहार विकास खंड में खुशी का माहौल है।इस दौरान राजकुमारी रत्ना सिंह ने अव्वल प्रतियोगियों को प्रमाण पत्र सौंपा।समाजसेवी एवं पूर्व प्रधान प्रभाकर सिंह, सहावपुर कुंडा ने विवेक सिंह की उपलब्धि पर उन्हें माला पहनाकर सम्मानित किया और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि विवेक सिंह ने अपनी बुद्धिमत्ता और दक्षता का परिचय देते हुए जिला स्तरीय डिबेट प्रतियोगिता के लिए अर्हता प्राप्त की है।
उन्होंने कहा कि यह अत्यंत गर्व की बात है कि इंग्लैंड में रहकर उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाला एक युवा स्थानीय भाषा और स्थानीय प्रश्नों का इतने प्रभावशाली ढंग से उत्तर दे रहा है। विशेष रूप से अध्यात्म से जुड़े प्रश्नों पर विवेक के उत्तर इतने प्रभावशाली थे कि मानो उन्होंने किसी वैदिक विद्यालय से शिक्षा प्राप्त की हो।
प्रभाकर सिंह ने कहा कि विवेक सिंह की सफलता समाज के सभी बच्चों और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। अभिभावकों को भी चाहिए कि वे अपने बच्चों की प्रतिभा को पहचानें और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें।
विवेक सिंह की इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों, शुभचिंतकों और सामाजिक संगठनों की ओर से लगातार बधाइयां मिल रही हैं। विवेक ने अपनी सफलता से गांव के साथ-साथ बिहार विकास खंड का नाम भी गौरवान्वित किया है।
Comments
Post a Comment