पुलिस हिरासत में युवक की मौत पर उबाल, ,प्रधान संघ ने सीएम से की निष्पक्ष जांच की मांग
पुलिस हिरासत में युवक की मौत पर उबाल, ,
प्रधान संघ ने सीएम से की निष्पक्ष जांच की मांग
बेलखरनाथ धाम। कोतवाली पुलिस की हिरासत में मोलनापुर गांव के युवक अर्जुन उर्फ शैलेश की संदिग्ध मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। शुक्रवार को ग्राम प्रधान संघ पट्टी ने एसडीएम पट्टी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
संघ का कहना है कि 21 सितंबर को युवक की मौत पुलिस अभिरक्षा में हुई, जिसे पुलिस आत्महत्या करार दे रही है। प्रधान संघ ने सवाल उठाया कि थाने के अंदर पुलिस की निगरानी में मौजूद युवक ने फांसी कैसे लगा ली? यह पुलिस की घोर लापरवाही है और इसकी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए।ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि अपनी कमी छिपाने के लिए पुलिस ने आनन-फानन में गांव के एक निर्दोष ब्राह्मण परिवार पर हत्या और एससी/एसटी का फर्जी मुकदमा दर्ज कर दिया, जबकि उस परिवार का इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है। संघ ने नामजद दोनों निर्दोषों का उत्पीड़न बंद कर मुकदमे से बाहर करने की मांग की।
साथ ही ब्राह्मण परिवार की नाबालिग बेटी के अपहरण के मामले में भी आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। प्रधान संघ ने चेतावनी दी कि अगर निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो पूरे ब्लॉक के प्रधान आंदोलन को बाध्य होंगे।इस दौरान संघ अध्यक्ष इंद्रधर दूबे, उपाध्यक्ष सिराज अहमद, मंत्री सुजीत यादव, संरक्षक रमेश सिंह, कोषाध्यक्ष शेर बहादुर वर्मा, संगठन मंत्री यादवेन्द्र प्रताप यादव, रंजीत यादव, मीडिया प्रभारी परशुराम ओझा, विधि प्रकोष्ठ मंत्री विमला तिवारी, कार्यवाहक विनय तिवारी समेत दर्जनों ग्राम प्रधान मौजूद रहे।
Comments
Post a Comment