रामराज इंटर कॉलेज में धूमधाम से मनाया गया शिक्षक दिवस
रामराज इंटर कॉलेज में धूमधाम से मनाया गया शिक्षक दिवस
पट्टी। नगर स्थित रामराज इंटरमीडिएट कॉलेज पट्टी में शनिवार को पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जन्मदिन शिक्षक दिवस के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिवार ने डॉ. राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित करने के साथ की।
विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपने-अपने कक्षाओं में प्रधानाचार्य की अध्यक्षता में केक काटकर शिक्षक दिवस मनाया। इस दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की।प्रधानाचार्य डॉ. प्रशस्त कुमार त्रिपाठी ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जन्म पांच सितंबर 1888 को तमिलनाडु के तिरुत्तनी गांव में हुआ था। वह भारतीय संस्कृति के संवाहक, प्रख्यात शिक्षाविद् और महान दार्शनिक होने के साथ देश के दूसरे राष्ट्रपति भी रहे। शिक्षा और शिक्षण कार्य से उनका विशेष लगाव था। उनका पूरा जीवन समाज और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का महान स्रोत है।उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व और भविष्य के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।
Comments
Post a Comment