छात्राओं को दिया ‘डरना नहीं, बताना है’ का मंत्र
छात्राओं को दिया ‘डरना नहीं, बताना है’ का मंत्र
आसपुर देवसरा। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में मंगलवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में पॉक्सो एक्ट-2012 के प्रति जागरूक करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शांभवी द्वितीय ने छात्राओं को यौन अपराधों से बचाव और उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को यौन शोषण, छेड़छाड़ और अश्लीलता से संरक्षण देने के लिए पॉक्सो एक्ट बनाया गया है। छात्राओं को गुड टच और बैड टच के बीच अंतर समझाते हुए किसी भी अप्रिय घटना पर चुप न रहने की सीख दी गई। उन्होंने कहा कि डरना नहीं है, चुप नहीं रहना है, बल्कि घटना की जानकारी तुरंत परिजनों या संबंधित अधिकारियों को देनी है। इसके साथ ही चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के बारे में भी बताया गया।राम प्रकाश पांडेय और पैनल अधिवक्ता इंद्र प्रसाद तिवारी ने छात्राओं को निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी। एसीएमओ डॉ. वंदना जायसवाल ने सर्वाइकल कैंसर से बचाव और टीकाकरण के महत्व पर प्रकाश डाला। प्रधानाचार्या डॉ. आम्रपाली द्विवेदी ने अतिथियों के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन पीएलवी मुनीन्द्र प्रताप भारती ने किया।
Comments
Post a Comment