मोलनापुर गांव में पुलिस व पीएसी तैनात, गांव छावनी में तब्दील
मोलनापुर गांव में पुलिस व पीएसी तैनात, गांव छावनी में तब्दील
विजय पाठक/प्रमोद मिश्रा
प्रतापगढ़। कोतवाली पट्टी परिसर में युवक द्वारा फांसी लगाकर जान देने के बाद मोलनापुर गांव छावनी में तब्दील हो गया है। गांव के चारों तरफ पुलिस व पीएसी के जवानों की तैनाती कर दी गई है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा है और हर आने-जाने वाले पर नजर रखी जा रही है।
पुलिस अभिरक्षा में हुई मौत के बाद ब्राह्मण परिवार पर हत्या व एससी-एसटी का मुकदमा दर्ज होने से गांव में जातीय तनाव की स्थिति बन गई है। सवर्ण समाज जहां इसे फर्जी मुकदमा बता रहा है, वहीं दलित समाज न्याय की मांग कर रहा है। दोनों पक्षों में टकराव की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने गांव में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
प्रशासन ने एहतियातन गांव में पीएसी की दो टुकड़ियां,व कई थानों की पुलिस व महिला पुलिसकर्मियों को तैनात किया है। गांव के मुख्य मार्ग, चौराहों और पीड़ित परिवार के घर के आसपास लगातार पुलिस व पीएसी गश्त कर रही है।
ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोग घरों से बाहर निकलने से कतरा रहे हैं। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। शांति व्यवस्था बनाए रखने और अफवाहों को रोकने के लिए पुलिस व पीएसी तैनात की गई है।
बता दें कि मोलनापुर निवासी युवक किशोरी को लेकर दिल्ली भाग गया था। पुलिस दोनों को दिल्ली से पकड़ लाई थी। सोमवार सुबह युवक ने कोतवाली में फांसी लगा ली थी। इसके बाद 20 घंटे तक हंगामा और 5 लाख रुपये व 5 बिस्वा जमीन के समझौते के बाद अंतिम संस्कार हुआ था। अब फर्जी मुकदमे को लेकर अधिवक्ताओं ने तहसील में तालाबंदी कर दी है और भारतीय युवा विद्यार्थी संगठन ने थानाध्यक्ष पर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।जिसके बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
Comments
Post a Comment