जनसुनवाई की शिकायत के निस्तारण में फर्जी हस्ताक्षर का आरोप
जनसुनवाई की शिकायत के निस्तारण में फर्जी हस्ताक्षर का आरोप
पट्टी।बेलखरनाथ धाम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज शिकायत के निस्तारण में फर्जी हस्ताक्षर किए जाने का आरोप लगा है। अखिल भारतीय सर्वजन हित पार्टी के प्रदेश प्रभारी प्रवीण कुमार मिश्र ने जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्साधिकारी को शिकायत भेजकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।प्रवीण कुमार मिश्र के अनुसार, आठ सितंबर को मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसमें आरोप लगाया गया था कि आशा आरती वर्मा ने उनके भाई से जन्म प्रमाणपत्र बनवाने के नाम पर पांच हजार रुपये की मांग की थी। शिकायतकर्ता का दावा है कि उसके पास रुपये लेने की बात स्वीकार करने की आवाज की रिकॉर्डिंग भी मौजूद है।आरोप है कि शिकायत के निस्तारण के दौरान गंभीर अनियमितता बरती गई। नौ सितंबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक की ओर से लगाई गई निस्तारण आख्या में वास्तविक शिकायतकर्ता के नाम के स्थान पर शिवम मिश्रा का नाम दर्ज कर दिया गया। साथ ही लाभार्थी का बयान लिए बिना ही रुपये की मांग नहीं किए जाने की बात रिपोर्ट में दर्ज करने का आरोप लगाया गया है।शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि निस्तारण आख्या पर अधीक्षक के हस्ताक्षर भी फर्जी तरीके से लगाए गए हैं। उनका दावा है कि किसी अन्य कागज से हस्ताक्षर काटकर आख्या पर लगाए गए हैं। हस्ताक्षर के चारों ओर सफेद बॉक्स दिखाई देने का हवाला देते हुए उन्होंने इसकी जांच कराने की मांग की है।प्रवीण कुमार मिश्र ने निस्तारण आख्या निरस्त कर आवाज की रिकॉर्डिंग और कथित फर्जी हस्ताक्षर की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने दोषी पाए जाने वाले आशा कार्यकर्ता और रिपोर्ट तैयार करने वाले कर्मचारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।इस संबंध में सीएचसी अधीक्षक आनंद तिवारी ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
Comments
Post a Comment