कौशांबी विस्फोट के बाद जागा प्रशासन, पटाखा गोदामों का हुआ सत्यापन
कौशांबी विस्फोट के बाद जागा प्रशासन, पटाखा गोदामों का हुआ सत्यापन
प्रतापगढ़। कौशांबी-प्रयागराज सीमा पर हाल ही में अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के बाद प्रतापगढ़ में भी प्रशासन सतर्क हो गया है। हादसे में एक दर्जन से अधिक महिला, पुरुष और बच्चों की मौत के बाद पुलिस ने आगामी त्योहारों को देखते हुए पटाखों के अवैध भंडारण और बिक्री पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देशन में जनपद में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पटाखा विक्रेताओं और गोदामों का सत्यापन कराया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार दोपहर करीब दो बजे सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी रानीगंज प्रशांत राज ने स्थानीय पुलिस बल के साथ जामताली चौकी क्षेत्र में पूर्व पटाखा लाइसेंस धारकों का सत्यापन किया।सत्यापन के दौरान लाइसेंस, पटाखों के भंडारण और बिक्री के लिए निर्धारित स्थान समेत अन्य जरूरी अभिलेखों की जांच की गई। पुलिस टीम ने लाइसेंसधारकों को सुरक्षा मानकों और निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। पटाखों का सुरक्षित स्थान पर ही भंडारण और बिक्री करने तथा किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी गई।
क्षेत्राधिकारी ने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में पटाखों के अवैध भंडारण या बिक्री की सूचना मिलने पर तत्काल जांच कर कार्रवाई की जाए। बिना वैध लाइसेंस के पटाखों का भंडारण अथवा बिक्री करते पाए जाने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। आगामी त्योहारों को देखते हुए पुलिस को लगातार सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
Comments
Post a Comment