टुल्लू पंप चोरी का खुलासा, सभासद के बेटे समेत दो गिरफ्तार,खिड़की तोड़कर ट्यूबवेल के कमरे में घुसे थे आरोपी, चोरी की मोटर बरामद
टुल्लू पंप चोरी का खुलासा, सभासद के बेटे समेत दो गिरफ्तार,
खिड़की तोड़कर ट्यूबवेल के कमरे में घुसे थे आरोपी, चोरी की मोटर बरामद
कुंडा। महेशगंज पुलिस ने ट्यूबवेल के कमरे की खिड़की तोड़कर टुल्लू पंप चोरी करने की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया दो हॉर्सपावर का किर्लोस्कर कंपनी का टुल्लू पंप बरामद हुआ है। गिरफ्तार आरोपियों में नगर पंचायत हीरागंज के सभासद के बेटे समेत दो युवक शामिल हैं।पुलिस के अनुसार, परान का पुरवा निवासी वीरेंद्र प्रताप सिंह के ट्यूबवेल के कमरे में 29 अगस्त की रात चोरी हुई थी। आरोपियों ने पहले कमरे का ताला तोड़ने का प्रयास किया। ताला नहीं टूटने पर खिड़की तोड़कर अंदर घुसे और वहां लगी मोटर चोरी कर ले गए। घटना के संबंध में एक सितंबर को महेशगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था।
पुलिस ने जांच के दौरान आरोपियों की तलाश शुरू की। बुधवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पूरे किशुनी-बाघराय नहर मार्ग के पास से परान का पुरवा निवासी विष्णु सरोज (20) और अमन सरोज (22) पुत्र हीरालाल सरोज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक हीरालाल सरोज नगर पंचायत हीरागंज के संबंधित वार्ड के सभासद हैं।पूछताछ में आरोपियों ने टुल्लू पंप चोरी कर उसे बेचने के लिए ले जाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी का पंप बरामद कर लिया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धारा की बढ़ोतरी कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Comments
Post a Comment