जेसीबी लगाकर कच्चा मकान गिराने का आरोप, पुलिस से शिकायत
जेसीबी लगाकर कच्चा मकान गिराने का आरोप, पुलिस से शिकायत
पट्टी। कोतवाली क्षेत्र के लखीपुर कप्सा गांव में जेसीबी लगाकर कच्चा मकान गिराए जाने का मामला सामने आया है। गांव निवासी रमा सिंह पुत्री इंद्रजीत सिंह ने सोमवार शाम करीब पांच बजे कोतवाली पुलिस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
रमा सिंह का आरोप है कि मकान में उनका आधा हिस्सा था, जबकि उनके बड़े पिताजी का भी आधा हिस्सा था। बड़े पिताजी ने अपने हिस्से का मकान बैनामा कर दिया था। आरोप है कि बैनामेदार ने दबंगई के बल पर जेसीबी लगवाकर पूरा कच्चा मकान गिरवा दिया। इससे उनका भी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
पीड़िता का आरोप है कि मकान गिराए जाने की जानकारी होने पर जब वह मामले की पूछताछ करने पहुंचीं तो वहां मौजूद लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।एडिशनल कोतवाल शुभनाथ साहनी ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
Comments
Post a Comment