लाइसेंस नवीनीकरण नहीं, फिर भी फैक्ट्री में बना रहे थे पटाखे, एक गिरफ्तार
लाइसेंस नवीनीकरण नहीं, फिर भी फैक्ट्री में बना रहे थे पटाखे, एक गिरफ्तार
प्रतापगढ़/कुंडा। कौशाम्बी में पटाखा फैक्ट्री में हुए हादसे के बाद जिले में चल रही सघन जांच के दौरान महेशगंज पुलिस ने अवैध रूप से पटाखे रखने और बनाने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से बड़ी संख्या में अर्द्धनिर्मित पटाखे और पटाखा बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बरामद पटाखों को नियमानुसार निष्प्रयोज्य करा दिया।क्षेत्राधिकारी सदर मनोज कुमार सिंह रघुवंशी और एसडीएम कुंडा के नेतृत्व में बुधवार को महेशगंज क्षेत्र की पटाखा फैक्ट्रियों और दुकानों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान माघी चैनगढ़ गांव स्थित पूर्व में लाइसेंस प्राप्त पटाखा फैक्ट्री में टीम पहुंची। जांच में पता चला कि फैक्ट्री का लाइसेंस नवीनीकरण नहीं होने के कारण वर्तमान में वैध नहीं था। इसके बावजूद परिसर में पटाखे रखे और बनाए जा रहे थे।मौके से पुलिस ने माघी चैनगढ़ निवासी मो. हमजा (28) को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से पांच फन्टा पटाखे, एक कुरकरी, सात पार्टी पेपर पटाखे और 2650 मिर्ची पटाखे बरामद हुए। इसके अलावा एक तराजू, लोहे की चलनी और छोटे-बड़े पांच तसले भी मिले।पुलिस ने बरामदगी के आधार पर महेशगंज थाने में मु0अ0सं0 227/2026 के तहत धारा 125 बीएनएस और विस्फोटक अधिनियम की धारा 5/9(ख) 1(क) में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में वरिष्ठ उपनिरीक्षक नीरज सिंह कुशवाहा समेत पुलिस टीम शामिल रही।
Comments
Post a Comment