गौशालाओं की जांच को लेकर सर्व जनहित पार्टी ने सौंपा ज्ञापन,रत्तूपुर कान्हा गौशाला में गोवंशों की मौत की निष्पक्ष जांच की मांग, आंदोलन की चेतावनी
गौशालाओं की जांच को लेकर सर्व जनहित पार्टी ने सौंपा ज्ञापन,
रत्तूपुर कान्हा गौशाला में गोवंशों की मौत की निष्पक्ष जांच की मांग, आंदोलन की चेतावनी
प्रतापगढ़। सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर शनिवार को तहसील सभागार पट्टी में सर्व जनहित पार्टी के प्रदेश प्रभारी प्रवीण कुमार मिश्र के नेतृत्व में उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से रत्तूपुर स्थित कान्हा गौशाला में गोवंशों की मौत और कथित अव्यवस्थाओं की निष्पक्ष जांच कराने के साथ ही जिले की सभी गौशालाओं की जांच की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि रत्तूपुर कान्हा गौशाला में गोवंशों की मौत के मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। इसके अलावा जिले की सभी गौशालाओं में गोवंशों के लिए चारा, पानी, दवा और शेड की उपलब्धता की भौतिक जांच कराई जाए। गौशालाओं के संचालन के लिए मिलने वाले सरकारी बजट के खर्च का भी लेखा परीक्षण कराने की मांग की गई।प्रदेश प्रभारी प्रवीण कुमार मिश्र ने कहा कि गोसेवा के नाम पर किसी भी तरह की अनियमितता और भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जिले की गौशालाओं की व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो सर्व जनहित पार्टी जनपद स्तर पर बड़ा आंदोलन करेगी।
उपजिलाधिकारी पूर्णेन्द्र मिश्रा ने ज्ञापन लेकर मामले में जांच कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
Comments
Post a Comment