छत से गिरकर मजदूर गंभीर, अफरा-तफरी के बीच जिला अस्पताल रेफर
छत से गिरकर मजदूर गंभीर, अफरा-तफरी के बीच जिला अस्पताल रेफर
प्रतापगढ़ जनपद के आसपुर देवसरा विकास खंड क्षेत्र में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। पहाड़ा मुरार पट्टी गांव निवासी चलाकू सराय गांव में एक मकान की छत पर मरम्मत का कार्य कर रहे थे। सुबह लगभग 11:30 बजे अचानक संतुलन बिगड़ने से वह छत से नीचे आ गिरे। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े तो देखा कि वह गंभीर रूप से घायल अवस्था में जमीन पर पड़े थे।ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।आनन-फानन में परिजन व स्थानीय लोग उन्हें निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पट्टी लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक देखते हुए तत्काल जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छत पर कार्य के दौरान किसी प्रकार का सुरक्षा इंतजाम नहीं था। अचानक पैर फिसलने से यह हादसा हुआ। गिरने से सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण व मरम्मत कार्य के दौरान सुरक्षा उपायों की अनदेखी के कारण आए दिन इस प्रकार की घटनाएं हो रही हैं।
Comments
Post a Comment