पुश्तैनी जमीन पर मकान निर्माण को लेकर बढ़ा विवाद, जेठ पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप
पुश्तैनी जमीन पर मकान निर्माण को लेकर बढ़ा विवाद, जेठ पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप
पट्टी। कोतवाली क्षेत्र के विकासखंड बाबा बेलखरनाथ धाम अंतर्गत किठौली जलालपुर गांव में पारिवारिक जमीन को लेकर विवाद तूल पकड़ता नजर आ रहा है। गांव निवासी पूजा देवी ने बुधवार को पुलिस को शिकायती पत्र देकर अपने जेठ पर गंभीर आरोप लगाए हैं।पीड़िता के अनुसार वह अपनी पुश्तैनी जमीन पर मकान निर्माण का कार्य करा रही हैं। इसी बात को लेकर उनके जेठ लगातार विरोध कर रहे हैं। आरोप है कि बुधवार दोपहर करीब 3 बजे जब निर्माण कार्य चल रहा था, उसी दौरान जेठ मौके पर पहुंच गए और काम रुकवाने का प्रयास किया। विरोध करने पर उन्होंने कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए जान से मार देने की धमकी दी।पूजा देवी का कहना है कि इस घटना के बाद से वह और उनका परिवार भयभीत है। उन्होंने आशंका जताई है कि यदि समय रहते प्रशासन ने हस्तक्षेप नहीं किया तो कोई बड़ी घटना हो सकती है। पीड़िता ने पुलिस से सुरक्षा उपलब्ध कराने और दोषी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।ग्रामीणों के मुताबिक, जमीन को लेकर पहले भी परिवार के बीच कहासुनी होती रही है, लेकिन इस बार मामला थाने तक पहुंच गया है। क्षेत्र में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल है।इस संबंध में चौकी इंचार्ज कमलेश कुमार ने बताया कि शिकायत पत्र प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी है, जबकि पीड़िता ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की गुहार लगाई है।
Comments
Post a Comment