निर्माण सामग्री फेंकने का विरोध करने पर महिला की पिटाई
निर्माण सामग्री फेंकने का विरोध करने पर महिला की पिटाई
पट्टी (प्रतापगढ़)। आसपुर देवसरा विकासखंड क्षेत्र के पट्टी कोतवाली अंतर्गत परिहार गांव में निर्माण कार्य के लिए लाई गई सामग्री फेंकने का विरोध करना एक महिला को महंगा पड़ गया। आरोप है कि विरोध करने पर विपक्षियों ने महिला की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी और गाली-गलौज करते हुए धमकी भी दी।परिहार गांव निवासी रीता सिंह (पत्नी सुखराम सिंह) ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि समझौते के तहत उन्हें एक जमीन मिली थी, जिस पर वह निर्माण कार्य शुरू करना चाह रही थीं। इसके लिए उन्होंने ईंट सहित अन्य निर्माण सामग्री मंगवाई थी।आरोप है कि मंगलवार शाम करीब 3 बजे विपक्षी एकजुट होकर पहुंचे और उनकी ईंट व अन्य निर्माण सामग्री फेंकने लगे। जब रीता सिंह ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने लाठी-डंडों से उनकी पिटाई कर दी। साथ ही गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के बाद पीड़ित महिला शाम करीब 5 बजे अपने बच्चों के साथ थाने पहुंची और पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने प्रार्थना पत्र के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Comments
Post a Comment