पति से विवाद के बाद विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान,चार महीने पहले हुई थी शादी, दहेज हत्या का केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
पति से विवाद के बाद विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान,
चार महीने पहले हुई थी शादी, दहेज हत्या का केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
पट्टी। आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के पूरे दलपत शाह गांव में सोमवार रात एक नवविवाहिता ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना से गांव में सनसनी फैल गई, वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।जानकारी के अनुसार, गांव निवासी बृजेश पटेल की शादी 4 दिसंबर 2025 को शहर के विवेक नगर निवासी भलई राम पटेल की 20 वर्षीय बेटी काजल पटेल के साथ हुई थी। शादी के बाद बृजेश मुंबई में रहकर ट्रक चालक का कार्य करता है। पत्नी के बुलाने पर वह रविवार को घर आया था।परिजनों के मुताबिक, सोमवार की शाम काजल और उसके पति के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद काजल कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। कुछ देर बाद उसने रोशनदान के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों को संदेह हुआ। दरवाजा खोलकर देखा गया तो काजल फंदे से लटकी हुई थी। आनन-फानन में उसे नीचे उतारकर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में नया मोड़ तब आया जब मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया।थानाध्यक्ष राकेश कुमार चौरसिया ने बताया कि मृतका के परिजनों की तहरीर पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Comments
Post a Comment