तेज रफ्तार कार की टक्कर से गल्ला व्यापारी घायल, सीएचसी में चल रहा उपचार

तेज रफ्तार कार की टक्कर से गल्ला व्यापारी घायल, सीएचसी में चल रहा उपचार
पट्टी। कोतवाली क्षेत्र के उपाध्यायपुर गांव के समीप रविवार दोपहर तेज रफ्तार कार ने गल्ला व्यापारी को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।जानकारी के अनुसार आसपुर देवसरा क्षेत्र के सपहाछात गांव निवासी भीमसेन वर्मा (55) पुत्र जगन्नाथ वर्मा गल्ला व्यापार का काम करते हैं। रविवार दोपहर करीब 12:40 बजे वह अपने गोदाम पर जा रहे थे। जैसे ही वह उपाध्यायपुर गांव के समीप पहुंचे, तभी चांदा की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि भीमसेन वर्मा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें संभाला और एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पट्टी पहुंचाया।सीएचसी पट्टी में डॉक्टरों द्वारा घायल का उपचार किया जा रहा है। डॉ. नीरज सिंह ने बताया कि घायल का इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।

Comments