भीषण आग से ताल और खेतों में मची तबाही, ग्रामीणों व फायर ब्रिगेड की तत्परता से टला बड़ा हादसा
भीषण आग से ताल और खेतों में मची तबाही, ग्रामीणों व फायर ब्रिगेड की तत्परता से टला बड़ा हादसा
पट्टी। मरियमपुर चौरसिया बस्ती के पास बने नए पुल के निकट स्थित ताल में रविवार को अचानक भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। तेज हवाओं के कारण आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं और कुछ ही समय में आसपास के खेतों तक पहुंच गईं। आग ने खेतों में खड़े सूखे डंठलों को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आग की ऊंची-ऊंची लपटें और उठता घना धुआं दूर से ही दिखाई देने लगा, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल स्थिति की गंभीरता को समझते हुए फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का कार्य शुरू किया।इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने भी सराहनीय सहयोग दिया। अमित, दिलीप, महेंद्र, महीप समेत दर्जनों ग्रामीणों ने बाल्टियों, पाइप और अन्य संसाधनों के जरिए आग पर काबू पाने में दमकल कर्मियों का पूरा साथ दिया। करीब कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।ग्रामीणों के अनुसार यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो यह आग और भी बड़े क्षेत्र में फैल सकती थी, जिससे भारी नुकसान होने की आशंका थी। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि तेज हवाओं और सूखी घास-फूस के चलते आग ने तेजी से फैलाव किया। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और प्रशासन द्वारा मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।
Comments
Post a Comment