अनोखा विरोध: जलभराव से परेशान ग्रामीणों ने डीएम-एसपी को भेजा ‘शादी का कार्ड’, कीचड़ भरे रास्ते पर बुलाया
अनोखा विरोध: जलभराव से परेशान ग्रामीणों ने डीएम-एसपी को भेजा ‘शादी का कार्ड’, कीचड़ भरे रास्ते पर बुलाया
पट्टी। विकास के दावों के बीच कंधई थाना क्षेत्र के कंधई मधुपुर स्थित मित्र का पुरवा गांव से प्रशासनिक लापरवाही की एक चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है। जलभराव और कीचड़ से त्रस्त ग्रामीणों ने विरोध का ऐसा अनोखा तरीका अपनाया, जिसने पूरे इलाके में चर्चा छेड़ दी है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को शादी का निमंत्रण पत्र भेजकर गांव के बदहाल रास्ते पर आने का न्योता दिया है।गांव में लंबे समय से नालियों का निकास बंद होने के कारण गंदा पानी मुख्य रास्ते पर जमा हो गया है। हालत यह है कि पूरा रास्ता किसी तालाब जैसा नजर आता है। घुटनों तक भरे पानी और कीचड़ के बीच ग्रामीणों का निकलना दूभर हो गया है। सबसे ज्यादा परेशानी दर्जन भर परिवारों को झेलनी पड़ रही है, जिनका आवागमन लगभग ठप हो चुका है।बच्चों को स्कूल जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं बुजुर्गों और बीमार लोगों के लिए दवा-इलाज तक पहुंचना चुनौती बन गया है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार स्थानीय प्रशासन और जिम्मेदार अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन समस्या जस की तस बनी रही।जब सुनवाई नहीं हुई तो ग्रामीणों ने विरोध का नया रास्ता चुना। उन्होंने बाकायदा शादी का कार्ड छपवाया और जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक को भेज दिया। कार्ड में अधिकारियों से विनम्र आग्रह किया गया है कि वे गांव में पधारकर जलभराव और कीचड़ की इस नारकीय स्थिति को अपनी आंखों से देखें।ग्रामीणों का यह अनोखा प्रदर्शन अब पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर विकास के दावों के बीच ग्रामीणों को अपनी बुनियादी समस्याओं के लिए इस तरह का प्रतीकात्मक विरोध क्यों करना पड़ रहा है।
Comments
Post a Comment