33 हजार लाइन पर गिरी आम की डाली, आठ घंटे ठप रही बिजली
33 हजार लाइन पर गिरी आम की डाली, आठ घंटे ठप रही बिजली
पट्टी। भीषण गर्मी के बीच सोमवार और मंगलवार की मध्यरात्रि तेज आंधी के चलते दिलीपपुर थाना क्षेत्र के कोठियाही गांव के पास 33 हजार की विद्युत लाइन पर आम की भारी डाली गिर गई। हादसे के बाद सोनाही विद्युत उपकेंद्र से जुड़े करीब 15 से 16 गांवों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। रातभर बिजली गुल रहने से ग्रामीण उमस भरी गर्मी में बेहाल रहे।जानकारी के अनुसार रात करीब एक बजे अचानक बिजली चली गई। शुरुआत में लोगों को लगा कि सामान्य फाल्ट है और कुछ देर में आपूर्ति बहाल हो जाएगी, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी बिजली नहीं आई। परेशान ग्रामीणों ने बिजली कर्मचारियों से संपर्क किया, तब पता चला कि 33 हजार लाइन ब्रेकडाउन हो गई है।
करीब आठ घंटे तक बिजली बाधित रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। गर्मी और उमस के चलते कई परिवारों ने रात घरों के बाहर जागकर बिताई। बिजली न रहने से पेयजल संकट भी खड़ा हो गया और मोबाइल समेत अन्य जरूरी उपकरण भी बंद हो गए।
बिजली संकट से करनपुर खूंझी, खूंझीकला, यहियापुर, बेलखरनाथ धाम, जगदीशगढ़, गहरीचक, रखहा बाजार, नौहर हुसैन, बीरमऊ विशुनदत्त, रुदापुर, नरसिंहपुर, दीवानगंज और सोनाही समेत कई गांव प्रभावित रहे।
अवर अभियंता नीरज कुमार ने बताया कि तेज आंधी के दौरान कोठियाही गांव के पास आम की डाली 33 हजार लाइन पर गिर गई थी, जिससे चारों फीडरों की आपूर्ति बाधित हो गई। सुबह फाल्ट ठीक कर करीब 8:30 बजे बिजली आपूर्ति बहाल करा दी गई।
Comments
Post a Comment