प्रेमी संग मिलकर पत्नी ने रची पति की हत्या की साजिश, कॉल रिकॉर्ड से खुला राज
प्रेमी संग मिलकर पत्नी ने रची पति की हत्या की साजिश, कॉल रिकॉर्ड से खुला राज
पट्टी। कोहंडौर थाना क्षेत्र में हुए विनोद कुमार हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची थी। मोबाइल कॉल रिकॉर्ड और पूछताछ में पूरे मामले का पर्दाफाश हुआ।मामला कोहंडौर थाना क्षेत्र के भावापुर गांव का है। 28 अप्रैल 2026 की रात विनोद कुमार घर से शौच के लिए निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों की तलाश के दौरान गांव के कब्रिस्तान के पास उनका शव संदिग्ध हालत में मिला था। मृतक के भाई ने थाना कोहंडौर में तहरीर देकर विनोद की पत्नी पिंकी देवी के आचरण पर संदेह जताते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान पुलिस को मोबाइल कॉल डिटेल और संदिग्ध गतिविधियों से अहम सुराग मिले। मंगलवार को थाना प्रभारी कोहंडौर धनंजय राय की टीम ने अभियुक्ता पिंकी देवी को उसके घर के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।पुलिस पूछताछ में पिंकी देवी ने बताया कि उसके गांव के रहने वाले बदरे आलम से पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध थे। बदरे आलम का उसके घर आना-जाना था और दोनों के बीच मोबाइल पर लगातार बातचीत होती थी। पति विनोद कुमार को इस रिश्ते की जानकारी हो गई थी, जिसको लेकर घर में विवाद होता रहता था।अभियुक्ता ने कबूल किया कि उसने और उसके प्रेमी बदरे आलम ने मिलकर विनोद कुमार को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी। घटना वाली रात पिंकी के मोबाइल से बदरे आलम ने विनोद को फोन कर कब्रिस्तान के पास बुलाया, जहां उसे कुछ खिलाने-पिलाने के बाद नाक और मुंह दबाकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपी ने फोन कर पिंकी को बताया कि “काम खत्म हो गया है।इसके बाद पिंकी ने परिवार वालों को गुमराह करते हुए पति के लापता होने की बात कही और खुद भी खोजबीन का नाटक करती रही। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम कराने में भी वह आनाकानी कर रही थी, क्योंकि उसे डर था कि जांच में सच्चाई सामने आ जाएगी।पुलिस ने अभियुक्ता पिंकी देवी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है, जबकि फरार प्रेमी बदरे आलम की तलाश में दबिश दी जा रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
Comments
Post a Comment