आबादी की जमीन पर मंदिर निर्माण को लेकर दो पक्षों में मारपीट, वीडियो वायरल
आबादी की जमीन पर मंदिर निर्माण को लेकर दो पक्षों में मारपीट, वीडियो वायरल
पट्टी। कोतवाली क्षेत्र के मकरा मनभवना गांव में आबादी की भूमि पर मंदिर निर्माण को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के लोगों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गांव में आबादी के हिस्से में मंदिर निर्माण को लेकर दो पक्षों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। देखते ही देखते दोनों ओर से लोग एकत्र हो गए और जमकर हाथापाई होने लगी। घटना के दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वायरल वीडियो में दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर हमला करते और धक्का-मुक्की करते दिखाई दे रहे हैं। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस भी सक्रिय हो गई है। पुलिस वीडियो की सत्यता और घटना के कारणों की जांच कर रही है। साथ ही विवाद में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
कोतवाल आनंदपाल सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है। मामले में तहरीर प्राप्त हुई है और उसके आधार पर जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार संबंधित लोगों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
Comments
Post a Comment