प्राथमिक विद्यालय व बाजार के बीच जलभराव से आवागमन बाधित, ग्रामीण परेशान
प्राथमिक विद्यालय व बाजार के बीच जलभराव से आवागमन बाधित, ग्रामीण परेशान
पट्टी।आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सीमावर्ती गांव भांटपट्टी में हल्की बारिश के बाद ही जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। गांव सुल्तानपुर जनपद की सीमा से सटा हुआ है, जहां स्थित प्राथमिक विद्यालय और बाजार के बीच का मार्ग पानी से लबालब भर गया है। इसके चलते लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है।ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में विकास कार्यों की स्थिति बेहद खराब है। प्राथमिक विद्यालय और बाजार को जोड़ने वाले मार्ग पर जल निकासी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। नालियों के अभाव में बरसात का पानी सड़क पर जमा हो जाता है, जिससे छात्रों, अभिभावकों, दुकानदारों और राहगीरों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।ग्रामीणों भोलानाथ वर्मा, शिबू खान, राशिद खान, यार मोहम्मद खान, मालजीत तिवारी, राजेंद्र कुमार, ओम प्रकाश,का कहना है कि कच्चा रास्ता होने के कारण बरसात के दिनों में स्थिति और भी बदतर हो जाती है। आसपास के कई गांवों के लोग इसी मार्ग का उपयोग करते हैं, लेकिन जलभराव के कारण आवाजाही जोखिम भरी हो जाती है। लोगों ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन पर गांव की समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाया है।इस संबंध में ग्राम प्रधान रमाशंकर कनौजिया ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए उच्च अधिकारियों को लिखित शिकायत भेजी गई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आवश्यक कार्रवाई कराकर जल निकासी और मार्ग की समस्या का स्थायी समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।
Comments
Post a Comment