पट्टी में प्रधानमंत्री आवास योजना पर उठे गंभीर सवाल, जिलाधिकारी से उच्चस्तरीय जांच की मांग
पट्टी में प्रधानमंत्री आवास योजना पर उठे गंभीर सवाल, जिलाधिकारी से उच्चस्तरीय जांच की मांग
पट्टी, प्रतापगढ़। आदर्श नगर पंचायत पट्टी में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के क्रियान्वयन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। नगर क्षेत्र के निवासी एवं अधिवक्ता शिवम् सिंह ने जिलाधिकारी प्रतापगढ़ को शिकायती पत्र भेजकर योजना में व्यापक अनियमितताओं, अपात्र व्यक्तियों को लाभ दिए जाने तथा पात्र गरीब परिवारों की उपेक्षा किए जाने का आरोप लगाया है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं वास्तविक रूप से आवासहीन परिवारों को आवास उपलब्ध कराना है, लेकिन नगर पंचायत पट्टी में अनेक ऐसे लोगों को योजना का लाभ दिया गया है जो आर्थिक रूप से सक्षम हैं अथवा पहले से पक्के मकानों के स्वामी हैं। वहीं कई जरूरतमंद एवं पात्र परिवार आज भी योजना के लाभ से वंचित हैं।
शिवम् सिंह ने आरोप लगाया कि यदि लाभार्थियों के चयन, सर्वेक्षण, सत्यापन रिपोर्ट एवं पात्रता निर्धारण से संबंधित अभिलेखों की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो गंभीर अनियमितताएं उजागर हो सकती हैं। उन्होंने इसे सरकारी धन के दुरुपयोग तथा योजना के मूल उद्देश्य के विपरीत बताया है।
जिलाधिकारी को भेजे गए पत्र में उन्होंने नगर पंचायत पट्टी में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत स्वीकृत सभी लाभार्थियों की उच्चस्तरीय एवं स्वतंत्र जांच कराने, अपात्र लाभार्थियों से धनराशि की वसूली करने तथा दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही जांच पूरी होने तक संदिग्ध मामलों में धनराशि वितरण पर रोक लगाने और वास्तविक पात्र परिवारों को प्राथमिकता देने का अनुरोध किया है। यह मामला सामने आने के बाद नगर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब लोगों की निगाहें प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
Comments
Post a Comment