दहेज में सोने की चेन न मिलने पर विवाहिता को पीटकर घर से भगाने का आरोप, पुलिस को दी तहरीर
दहेज में सोने की चेन न मिलने पर विवाहिता को पीटकर घर से भगाने का आरोप, पुलिस को दी तहरीर
पट्टी। कोतवाली क्षेत्र के श्रीनाथपुर गांव में दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को मारपीट कर घर से भगाने का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता ने ससुराल पक्ष के लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।कधई थाना क्षेत्र के मजिस्ता गांव निवासी बनवारी लाल ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी सीमा देवी की शादी करीब पांच वर्ष पूर्व पट्टी कोतवाली क्षेत्र के श्रीनाथपुर गांव निवासी सुशील हरिजन पुत्र राम लखन के साथ हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार की थी। शादी में उन्होंने अपनी हैसियत के अनुसार दान-दहेज और उपहार दिए थे।आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज में सोने की चेन की मांग को लेकर बेटी को प्रताड़ित करते थे। लोक-लाज के कारण विवाहिता ने काफी समय तक मायके वालों को इसकी जानकारी नहीं दी। इस दौरान उसके एक चार वर्षीय पुत्र भी है।पीड़िता के पिता के अनुसार करीब दो माह पूर्व सीमा देवी मायके आई थी। आरोप है कि इस दौरान पति ने कहा कि जब ससुराल लौटना तो दहेज में सोने की चेन लेकर ही आना। शुक्रवार की दोपहर जब विवाहिता अपने भाई के साथ ससुराल पहुंची तो पति समेत सास, ननद, जेठानी और ससुर ने सोने की चेन के बारे में पूछताछ की। चेन लाने से इनकार करने पर सभी ने मिलकर उसकी पिटाई कर दी, जिससे उसे चोटें आईं।आरोप है कि विवाहिता को ससुराल पहुंचाने आए उसके भाई के साथ भी गाली-गलौज कर धमकी दी गई। घायल अवस्था में मायके वाले विवाहिता को लेकर दोपहर करीब 3:30 बजे पट्टी कोतवाली पहुंचे और पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments
Post a Comment