आमरपुर मोड़ पर दो बाइकों की भिड़ंत, शिक्षक समेत चार घायल, दो की हालत गंभीर, जिला अस्पताल रेफर
आमरपुर मोड़ पर दो बाइकों की भिड़ंत, शिक्षक समेत चार घायल, दो की हालत गंभीर, जिला अस्पताल रेफर
पट्टी। थाना क्षेत्र के आमारपुर मोड़ के समीप गुरुवार दोपहर तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में जौनपुर जनपद के सिंगरामऊ निवासी शिक्षक समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों में दो युवकों की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जौनपुर जनपद के सिंगरामऊ निवासी संतोष मिश्रा (45) बरहुपुर स्थित विद्यालय में अध्यापक हैं। गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे वह विद्यालय से बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान आमापुर मोड़ के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई।दूसरी बाइक पर आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के रायपुर बनपुरवा गांव निवासी सेजल गौतम (16), साहिल (18), अनुज कुमार (20) । सभी पट्टी कोतवाली क्षेत्र के रामनगर स्थित अपने ननिहाल से वापस लौट रहे थे। हादसे में बाइक सवार सभी लोग घायल हो गए।घटना की सूचना पर पहुंची डायल 112 के हेड कांस्टेबल राजू सिंह और चालक प्रमोद सिंह ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद साहिल और अनुज कुमार की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।इस संबंध में सीएचसी के चिकित्सक डॉ. नीरज सिंह ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद दो युवकों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
Comments
Post a Comment