चोरी की 32.5 टन सरिया बरामद, पांच गिरफ्तार
चोरी की 32.5 टन सरिया बरामद, पांच गिरफ्तार
प्रतापगढ़। मान्धाता पुलिस ने चोरी की सरिया खरीदकर खपाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर अलग-अलग दुकानों और गोदामों से कुल 32.5 मीट्रिक टन सरिया बरामद की है। बरामद सरिया की पहचान वादी ने चोरी गए माल के रूप में की है।मऊआइमा थाना क्षेत्र के सुल्तापुर निवासी व्यक्ति ने झारखंड के कोडरमा से 41.760 मीट्रिक टन सरिया ट्रक से महाराष्ट्र के सतारा भेजी थी। आरोप है कि चालक सरिया को निर्धारित स्थान पर पहुंचाने के बजाय उत्तर प्रदेश ले आया। इसके बाद चालक ने माल को अलग-अलग स्थानों पर उतारने की जानकारी दी, लेकिन संबंधित लोगों ने सरिया मिलने से इन्कार कर दिया। 21 से 25 अगस्त तक माल नहीं पहुंचने और चालक की ओर से संतोषजनक जानकारी नहीं मिलने पर वादी ने सरिया चोरी कर बेच दिए जाने की आशंका जताई। तहरीर पर मान्धाता थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने जांच के दौरान रामअजोर पटेल को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, रामअजोर ने बताया कि उसे चोरी की सरिया इमरान निवासी नौवापुर, थाना देल्हूपुर ने कम कीमत पर उपलब्ध कराई थी। इसके बाद रामअजोर ने सरिया अलग-अलग लोगों को सस्ते दाम पर बेच दी।रामअजोर की निशानदेही पर पुलिस ने जेठवारा क्षेत्र में कई स्थानों पर दबिश दी। धर्मेंद्र पटेल के गोदाम से 1.5 टन, अरविंद यादव के कब्जे से तीन टन, नौशाद के गोदाम से तीन टन और संजय शुक्ला उर्फ सुशील शुक्ला के गोदाम से 1.5 टन सरिया बरामद हुई।
इसके अलावा रामअजोर के घर के बेसमेंट में बने गोदाम से 16 टन सरिया मिली। राजकुमार त्रिपाठी की दुकान से तीन टन और देवीशंकर मिश्रा की दुकान से 4.5 टन सरिया बरामद की गई। दोनों मौके पर नहीं मिले। पुलिस उनकी भूमिका की जांच कर रही है।पुलिस के अनुसार, झारखंड से कुल 41.760 मीट्रिक टन सरिया भेजी गई थी। इसमें से अब तक 32.5 मीट्रिक टन बरामद हो चुकी है। बरामद सरिया पर 'गिरधर एनईएक्सटी' अंकित है। वादी ने मौके पर इसकी पहचान अपने चोरी गए माल के रूप में की।पुलिस ने धर्मेंद्र पटेल, अरविंद यादव, नौशाद, संजय शुक्ला उर्फ सुशील शुक्ला और रामअजोर पटेल को गिरफ्तार किया है। विवेचना के दौरान मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) और 317(4) की बढ़ोतरी की गई है। पूछताछ में चोरी की सरिया खरीदने और बेचने में शामिल अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस उनकी भूमिका की जांच कर रही है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार और क्षेत्राधिकारी रानीगंज प्रशांत राज के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी मान्धाता धनंजय राय की टीम ने की।
Comments
Post a Comment