प्राथमिक विद्यालय खरगापुर में जलभराव, ठप हुई पढ़ाई: दो दिन का वादा निकला हवाई, प्रशासन बेपरवाह
प्राथमिक विद्यालय खरगापुर में जलभराव, ठप हुई पढ़ाई: दो दिन का वादा निकला हवाई, प्रशासन बेपरवाह
कुंडा/बिहार।विकासखंड बिहार की ग्राम पंचायत तिवारी महमदपुर के राजस्व गांव खरगापुर स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर इन दिनों तालाब में तब्दील हो चुका है। परिसर और विद्यालय भवन के चारों तरफ लगभग डेढ़ फीट तक पानी भरा हुआ है, जिससे न तो मासूम नौनिहाल स्कूल पहुंच पा रहे हैं और न ही शिक्षक। जलजमाव के कारण बच्चों का पठन-पाठन पूरी तरह ठप पड़ा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्राम प्रधान पूनम सिंह और स्थानीय ग्रामीणों ने उप-जिलाधिकारी (SDM) कुंडा तथा खंड विकास अधिकारी (BDO) बिहार को समस्या से अवगत कराया। शिकायत का संज्ञान लेते हुए उप-जिलाधिकारी कुंडा और BDO बिहार शिव बहादुर सिंह ने विद्यालय का स्थलीय निरीक्षण किया।
स्थानीय ग्रामीण धर्मेंद्र पांडेय के अनुसार, निरीक्षण के दौरान ही SDM कुंडा ने PWD विभाग से फोन पर वार्ता कर जलजमाव दूर कराने का निर्देश दिया। इस पर PWD अधिकारियों ने बताया कि उक्त मार्ग का निर्माण एक निजी संस्था (ठेकेदार) द्वारा कराया गया है और संबंधित संस्था का नंबर अधिकारी को उपलब्ध कराया गया। जब SDM कुंडा ने उस संस्था के जिम्मेदार से बात की, तो संस्था ने 2 दिन के भीतर जलजमाव की समस्या को पूरी तरह खत्म करने का लिखित/मौखिक भरोसा दिया था।
लेकिन अधिकारियों के आश्वासन और कार्यदायी संस्था के वादे के बावजूद अब तक धरातल पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। स्थिति आज भी जस की तस बनी हुई है, जिससे ग्रामीणों और अभिभावकों में भारी आक्रोश है।प्रशासनिक लापरवाही से तंग आकर ग्रामीणों ने अब मीडिया के जरिए अपनी आवाज शासन-प्रशासन के उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने की गुहार लगाई है। वहीं, इस मामले पर पक्ष जानने के लिए जब उप-जिलाधिकारी कुंडा से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उनकी किसी अन्य महत्वपूर्ण कार्य में व्यस्तता के कारण वार्ता नहीं हो सकी।
Comments
Post a Comment