ऑपरेशन के बाद महिला की हालत बिगड़ी, दिव्यांग होने का सता रहा डर,डीएम को दो बार शिकायत के बाद भी कार्रवाई न होने का आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग,
ऑपरेशन के बाद महिला की हालत बिगड़ी, दिव्यांग होने का सता रहा डर,
डीएम को दो बार शिकायत के बाद भी कार्रवाई न होने का आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग,
सुल्तानपुर। गोलाघाट स्थित एक निजी अस्पताल में पैर की नस में ब्लॉकेज का ऑपरेशन कराने के बाद महिला की हालत बिगड़ने का मामला सामने आया है। प्रतापगढ़ के आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के पूरे दलपत शाह गांव निवासी पत्रकार सूरज वर्मा ने अस्पताल के चिकित्सक पर कथित चिकित्सीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से शिकायत की है। उनका कहना है कि उनकी पत्नी करीब तीन महीने से बिस्तर पर हैं और बिना सहारे चलने-फिरने में असमर्थ हैं। परिजनों को उनके दिव्यांग होने का डर सता रहा है।
सूरज वर्मा के अनुसार उनकी करीब 40 वर्षीय पत्नी कंचन वर्मा के बाएं पैर की नस में ब्लॉकेज था। 16 मई को उन्हें गोलाघाट स्थित सुल्तानपुर हॉस्पिटल एंड ऑर्थो सेंटर में भर्ती कराया गया। आरोप है कि चिकित्सक डॉ. प्रदीप कुमार पांडे ने 17 मई को सर्जरी की और 19 मई को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
पीड़ित का आरोप है कि ऑपरेशन, दवाइयों और अस्पताल के अन्य खर्च के नाम पर उनसे करीब 1.70 लाख रुपये नकद लिए गए, जबकि अस्पताल की ओर से केवल 59 हजार रुपये की रसीद दी गई। शेष रकम का बिल या रसीद नहीं देने का भी आरोप लगाया गया है। हालांकि इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
परिजनों का कहना है कि उपचार के बावजूद महिला को लगातार तेज दर्द है। पति ने डीएम को दो बार शिकायती पत्र देकर मामले की उच्चस्तरीय जांच, दोषी मिलने पर कार्रवाई और विशेषज्ञ चिकित्सकों से समुचित इलाज कराने की मांग की है। इस संबंध में सुल्तानपुर डीएम इंद्रजीत सिंह ने बताया कि मामले की शिकायत मिली है जांच कराई जा रही है जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments
Post a Comment