रत्तूपुर गोशाला में अव्यवस्था पर जांच करने पहुंचे सीवीओ, ग्रामीणों ने जताया आक्रोश
रत्तूपुर गोशाला में अव्यवस्था पर जांच करने पहुंचे सीवीओ, ग्रामीणों ने जताया आक्रोश
प्रतापगढ़। आदर्श नगर पंचायत पट्टी के रत्तूपुर स्थित कान्हा गोशाला में गोवंश की मौत और अव्यवस्थाओं को लेकर प्रसारित वीडियो व शिकायत के बाद रविवार को मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. दयानंद श्रीवास्तव टीम के साथ जांच करने पहुंचे। इस दौरान उन्हें ग्रामीणों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने गोशाला की व्यवस्थाओं को लेकर कई शिकायतें दर्ज कराईं।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने गोशाला का निरीक्षण कर कर्मचारियों से गोवंश के लिए पानी और चारे की व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने मृत गोवंश को गड्ढे में डालकर मिट्टी से ढंकने और बीमार पशुओं के उपचार के संबंध में भी पूछताछ की। करीब कुछ देर तक निरीक्षण करने के बाद टीम जिला मुख्यालय लौट गई।
दो दिन पूर्व प्रसारित वीडियो में गोशाला परिसर में मृत गोवंश दिखाई दे रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राम मीणा को जांच के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में रविवार दोपहर बाद सीवीओ गोशाला पहुंचे।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. दयानंद श्रीवास्तव ने बताया कि मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश पर रत्तूपुर कान्हा गोशाला का निरीक्षण किया गया है। वहां ग्रामीणों में काफी आक्रोश था। गोशाला की व्यवस्थाओं की जांच की गई है। इसकी पूरी रिपोर्ट जल्द ही जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी।
जांच के दौरान रत्तूपुर गांव के प्रशांत सिंह, जितेंद्र सिंह, विनोद यादव, मोहम्मद इजहार, बब्बन सिंह, जगदीश बहादुर सिंह, प्रवीण सिंह समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
अध्यक्ष ने भी पहुंचकर जानी व्यवस्था
शाम करीब साढ़े पांच बजे नगर पंचायत अध्यक्ष अशोक जायसवाल भी कान्हा गोशाला पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान ग्रामीणों ने उनके सामने भी गोशाला से जुड़ी कई शिकायतें रखीं। अध्यक्ष ने समस्याओं का शीघ्र निस्तारण कराने का भरोसा दिया।
नगर पंचायत अध्यक्ष अशोक जायसवाल ने बताया कि गोशाला को लेकर ग्रामीणों की कुछ शिकायतें मिली हैं। उन्हें जल्द दूर कराया जाएगा। गोशाला की अन्य व्यवस्थाओं में भी शीघ्र सुधार कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इस मौके पर अधिवक्ता शिवम सिंह, सक्षम सिंह योगी समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
Comments
Post a Comment