अतरौरा समिति में खाद-बीज का संकट: नाराज ग्रामीणों का तहसील पट्टी पर हंगामा, एसडीएम से शिकायत।
अतरौरा समिति में खाद-बीज का संकट: नाराज ग्रामीणों का तहसील पट्टी पर हंगामा, एसडीएम से शिकायत।
पट्टी। साधन सहकारी समिति अतरौरा में पिछले एक वर्ष से खाद और बीज की आपूर्ति न होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने शनिवार को तहसील परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। वर्षों से कृषि इनपुट के संकट से जूझ रहे किसानों ने उपजिलाधिकारी पट्टी को ज्ञापन सौंपकर समिति के जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई और जल्द से जल्द खाद-बीज उपलब्ध कराने की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि साधन सहकारी समिति अतरौरा में पिछले एक साल से न तो यूरिया, डीएपी मिल रही है और न ही समय पर उन्नत किस्म के बीज दिए जा रहे हैं। खाद और बीज न मिलने के कारण किसानों को बुआई और सिंचाई के समय भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनकी फसलें प्रभावित हो रही हैं। मजबूरी में किसानों को निजी दुकानों से महंगे दामों पर खाद-बीज खरीदना पड़ रहा है।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि समिति पर चक्कर लगाकर वे थक चुके हैं, लेकिन हर बार उन्हें आश्वासन देकर टाल दिया जाता है। समय पर खाद-बीज न मिलने से किसानों की लागत बढ़ गई है और उनकी आर्थिक स्थिति डांवाडोल हो रही है।
उपजिलाधिकारी से शिकायत करने वालों में मुख्य रूप से लालमणि, द्रौपदी देवी, सुमित्रा, कृपाली, प्रेमा देवी, अनारा, शांति देवी, ओमप्रकाश समेत दर्जनों किसान मौजूद रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समिति में खाद और बीज की व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
Comments
Post a Comment