पति ने पत्नी और दो साल के बेटे की गला दबाकर हत्या की,वारदात को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश, पुलिस हिरासत में आरोपी ने कबूला जुर्म; ,आईजी-एसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण,
पति ने पत्नी और दो साल के बेटे की गला दबाकर हत्या की,
वारदात को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश,
पुलिस हिरासत में आरोपी ने कबूला जुर्म; ,
आईजी-एसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण,
प्रतापगढ़/कुंडा। संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के नया पुरवा लालूपट्टी गांव में पत्नी और दो साल के बेटे की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि पति ने दोनों की गला दबाकर हत्या कर दी और वारदात को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की बात कबूल की है।जानकारी के अनुसार, संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के नया पुरवा लालूपट्टी गांव निवासी सुरेश पटेल (32) की शादी करीब 10 साल पहले मानिकपुर थाना क्षेत्र के अंतामऊ गांव निवासी नीता पटेल (30) से हुई थी। दोनों के तीन बच्चे वैष्णवी (7), नितिन (5) और ईशु (2) हैं। नीता के भाई लवकुश पटेल का आरोप है कि सुरेश शराब पीने का आदी था और नशे में अक्सर पत्नी के साथ मारपीट करता था। मारपीट से परेशान होकर नीता करीब एक साल तक मायके में भी रही थी। दो महीने पहले ही वह ससुराल लौटी थी।परिजनों के मुताबिक, सुरेश ने शराब के चक्कर में अपनी मोटरसाइकिल 80 हजार रुपये में गिरवी रख दी थी। इसकी जानकारी होने पर ससुराल पक्ष के लोगों ने रुपये देकर मोटरसाइकिल छुड़वाई थी। उस समय सुरेश को समझाते हुए भविष्य में मारपीट नहीं करने की हिदायत दी गई थी।
दोनों शव घर के बाहर चारपाई पर मिले
कुंडा।बताया गया कि घटना के बाद दोनों शव घर के बाहर चारपाई पर रखे मिले। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती जांच में महिला और उसके बेटे के शरीर पर मारपीट के निशान मिलने की बात सामने आई। पुलिस ने आरोपी सुरेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने पत्नी और बेटे की हत्या करने की बात स्वीकार की। आरोप है कि उसने वारदात को आत्महत्या दिखाने की साजिश भी रची थी।
आईजी-एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
प्रतापगढ़।घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रयागराज के आईजी अजय मिश्रा, एसपी दीपक भूकर समेत अन्य अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर जानकारी ली। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में पुलिस की ओर से आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Comments
Post a Comment