पट्टी नगर में स्थापित दुर्गा प्रतिमाओं का केसरी नंदन धाम पर होगा विसर्जन,नहर में पानी कम होने से आई विसर्जन की समस्या, प्रशासन ने तालाब का किया निरीक्षण,
पट्टी नगर में स्थापित दुर्गा प्रतिमाओं का केसरी नंदन धाम पर होगा विसर्जन,
नहर में पानी कम होने से आई विसर्जन की समस्या, प्रशासन ने तालाब का किया निरीक्षण,
पट्टी। नगर में स्थापित दो दर्जन से अधिक दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर के मेला ग्राउंड, सिविल लाइन, रोड, चमन चौक और रायपुर रोड समेत विभिन्न स्थानों पर दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। इन प्रतिमाओं का विसर्जन प्रत्येक वर्ष नगर से होकर गुजरने वाली शारदा सहायक खंड-36 नहर में किया जाता था, लेकिन इस वर्ष नहरों की सिल्ट सफाई के चलते पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं छोड़े जाने से विसर्जन को लेकर समस्या उत्पन्न हो गई है।समस्या के समाधान और विसर्जन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों, नगर पंचायत अध्यक्ष और दुर्गा पूजा पंडालों के आयोजकों की विशेष बैठक आयोजित की गई। इसमें एसडीएम पट्टी सुनील कुमार, क्षेत्राधिकारी पट्टी प्रदीप सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष अशोक कुमार जायसवाल सहित आयोजक मंडल के लोग मौजूद रहे।
बैठक के दौरान प्रतिमाओं के विसर्जन के वैकल्पिक इंतजामों पर चर्चा की गई। इसके बाद अधिकारियों ने भरोखन स्थित केसरी नंदन धाम के तालाब का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विसर्जन स्थल की स्थिति और आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया, ताकि प्रतिमाओं का विसर्जन व्यवस्थित ढंग से कराया जा सके।नगर पंचायत अध्यक्ष अशोक कुमार जायसवाल ने बताया कि विसर्जन को लेकर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के इंतजाम किए जा रहे हैं। नगर पंचायत और प्रशासनिक अधिकारियों के समन्वय से आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कराई जा रही हैं, जिससे विसर्जन के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। प्रशासन की ओर से विसर्जन व्यवस्था को लेकर आयोजक मंडल के साथ समन्वय स्थापित किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को परेशानी न हो और प्रतिमाओं का विसर्जन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।
Comments
Post a Comment