बाबा बागेश्वर की कथा को लेकर कुंडा में पांच दिन रहेगा रूट डायवर्जन, सुबह 10 से रात 10 बजे तक लागू रहेगी व्यवस्था16 से 20 नवंबर तक भारी वाहनों का कस्बे में प्रवेश प्रतिबंधित, पुलिस ने 11 प्रमुख प्वाइंटों पर लगाई बैरियर ड्यूटी
बाबा बागेश्वर की कथा को लेकर कुंडा में पांच दिन रहेगा रूट डायवर्जन, सुबह 10 से रात 10 बजे तक लागू रहेगी व्यवस्था
16 से 20 नवंबर तक भारी वाहनों का कस्बे में प्रवेश प्रतिबंधित, पुलिस ने 11 प्रमुख प्वाइंटों पर लगाई बैरियर ड्यूटी
कुंडा/प्रतापगढ़। बेंती स्थित बाबा बागेश्वरनाथ धाम में 16 से 20 नवंबर तक आयोजित होने वाली बाबा बागेश्वर की श्रीराम कथा को लेकर पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए कुंडा थाना क्षेत्र में पांच दिनों तक रूट डायवर्जन लागू रहेगा। प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन व्यवस्था प्रभावी रहेगी।पुलिस ने यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रमुख चौराहों, तिराहों और अंडरपास पर बैरियर लगाकर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी निर्धारित की है। इसके तहत शेखपुर आशिक की ओर से आने वाले भारी वाहनों को मझिलगांव चौकी पर रोककर भदरी की तरफ भेजा जाएगा। बिहार की तरफ से कुंडा आने वाले भारी वाहनों को दुखिया चौराहे से बाबूगंज होते हुए मझिलगांव की ओर डायवर्ट किया जाएगा।बाबूगंज की तरफ से आने वाले बड़े वाहनों को कबड़ियागंज बैरियर पर रोककर तिलौरी नहर के रास्ते बिहार रोड और तिलौरी मोड़ की तरफ भेजा जाएगा। महेशगंज की तरफ से आने वाले भारी वाहन बिहार की ओर तथा बिहार की तरफ से आने वाले वाहन महेशगंज की ओर डायवर्ट होंगे। करेंटी और बेंती अंडरपास पर भी बड़े एवं कमर्शियल वाहनों का कस्बे की तरफ प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।मनगढ़ की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को गांधी नगर तिराहे से मवई बाईपास की ओर भेजा जाएगा। वहीं मानिकपुर और प्रयागराज की तरफ से आने वाले वाहनों को मवई बाईपास पर रोककर वैकल्पिक मार्ग से रवाना किया जाएगा। पोस्ट ऑफिस तिराहा, कुंडा मेन चौराहा और क्षीरसागर तिराहे पर छोटे वाहनों के आवागमन और भीड़ नियंत्रण की जिम्मेदारी पुलिसकर्मियों को सौंपी गई है।
ई-रिक्शा और ऑटो के लिए भी निर्धारित किए गए स्थान
डायवर्जन के दौरान ई-रिक्शा, ऑटो, टेंपो और जीप के संचालन के लिए भी अलग-अलग स्थान निर्धारित किए गए हैं। बाबूगंज की तरफ से आने वाले वाहनों का संचालन कबड़ियागंज नहर के पास से, जबकि बिहार और ताजपुर की तरफ से आने वाले वाहनों का संचालन तिलौरी मोड़ से होगा। मनगढ़ की तरफ से आने वाले वाहन मनगढ़ रोड स्थित पावर हाउस के पास तथा मवई की तरफ से आने वाले वाहन गांधी नगर तिराहे के पास तक संचालित होंगे।इसी तरह करेंटी की तरफ से आने वाले वाहनों का संचालन करेंटी अंडरपास, बेंती की तरफ से आने वाले वाहनों का संचालन बेंती अंडरपास तथा मछली मंडी तिराहे की तरफ से आने वाले वाहनों का संचालन भी बेंती अंडरपास के पास तक सीमित रहेगा।पुलिस प्रशासन ने आम जनता और वाहन चालकों से अपील की है कि 16 से 20 नवंबर तक निर्धारित समय में वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें तथा यातायात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो और सुरक्षा व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
Comments
Post a Comment