मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 286 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 286 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ
प्रतापगढ़। शहर के जीआईसी मैदान में मंगलवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। इसमें 286 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। एक ही परिसर में सैकड़ों जोड़ों का विवाह संपन्न होने से मैदान में उत्सव जैसा माहौल रहा। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देकर सुखमय दांपत्य जीवन की कामना की।समारोह में सदर विधायक राजेंद्र मौर्य समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। जिला समाज कल्याण अधिकारी नागेंद्र कुमार मौर्य ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में जिले में कुल 1155 जोड़ों का विवाह चार चरणों में कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए तीन, छह, 16 और 19 नवंबर की तिथियां तय की गई हैं। पहले चरण में 310 जोड़ों का विवाह कराने का लक्ष्य था, जिसके सापेक्ष 286 जोड़ों का विवाह कराया गया।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक जोड़े पर एक लाख रुपये की सहायता निर्धारित है। इसमें 64 हजार रुपये वधू के बैंक खाते में भेजे जाएंगे, जबकि 21 हजार रुपये की उपहार सामग्री और 15 हजार रुपये आयोजन की व्यवस्था पर खर्च किए जाएंगे।
नवदंपतियों को गृहस्थी बसाने के लिए साड़ी, कपड़े, स्टील डिनर सेट, प्रेशर कुकर, कूलर, पंखा, ट्रॉली बैग, गद्दा, तकिया, बिस्तर, सुहाग सामग्री और खानपान की वस्तुएं उपहार स्वरूप दी गईं। साथ ही विवाह की यादों को संजोने के लिए फोटो एल्बम भी उपलब्ध कराया जाएगा।जनप्रतिनिधियों ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में महत्वपूर्ण सहारा बन रही है। इससे गरीब परिवारों को विवाह के खर्च का बोझ उठाने में काफी राहत मिल रही है।

Comments

Popular posts from this blog

पट्टी इलाके में स्कूल के छत पर रंगरलिया मना रहे प्रेमी जोड़ों को ग्रामीण पकड़ा पीट कर किया पुलिस के हवाले

शादी के तीसरे दिन चचेरी बहन को लेकर युवक फरार ,एक बार फिर रिश्ते हुए शर्मसार

पट्टी कोतवाली के एक गांव में किशोरी को भगा ले गया युवक, मुकदमा दर्ज