साहित्यकार प्रेम कुमार त्रिपाठी के लघुकथा संग्रह ‘नीलकमल खिल गया’ का विमोचनसाहित्यिक संध्या में कवियों ने प्रस्तुत कीं रचनाएं, लेखक को मिला डॉ. राजेश्वर सहाय त्रिपाठी स्मृति सम्मान
साहित्यकार प्रेम कुमार त्रिपाठी के लघुकथा संग्रह ‘नीलकमल खिल गया’ का विमोचन
साहित्यिक संध्या में कवियों ने प्रस्तुत कीं रचनाएं,
लेखक को मिला डॉ. राजेश्वर सहाय त्रिपाठी स्मृति सम्मान
प्रतापगढ़। सई तट स्थित श्री सच्चा बाबा आश्रम में जनपद हिंदी साहित्य सम्मेलन के तत्वावधान में साहित्यकार प्रेम कुमार त्रिपाठी 'प्रेम' के लघुकथा संग्रह ‘नीलकमल खिल गया’ का विमोचन किया गया। इस दौरान साहित्यकारों, कवियों और शायरों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से साहित्यिक संध्या को यादगार बनाया। लेखक को साहित्यिक योगदान के लिए डॉ. राजेश्वर सहाय त्रिपाठी स्मृति सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। कवयित्री चांदनी दुबे ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। अध्यक्षता कर रहे प्रो. डॉ. मिथिलेश त्रिपाठी ने कहा कि लघुकथा ऐसी प्रभावशाली विधा है, जिसके माध्यम से गंभीर विचारों को सहजता से पाठकों के हृदय तक पहुंचाया जा सकता है। प्रेम कुमार त्रिपाठी की रचनाओं में करुणा और रौद्र रस का सुंदर समन्वय दिखाई देता है।मुख्य अतिथि सच्चा बाबा आश्रम के महंत संत मनोज ब्रह्मचारी ने कहा कि पुस्तक के माध्यम से आध्यात्मिक और धार्मिक चेतना जागृत करने का प्रयास किया गया है। अति विशिष्ट अतिथि डॉ. शाहिदा खान ने कहा कि कहानियां समाज को सही दिशा देने के साथ बेहतर जीवन जीने की प्रेरणा देती हैं। वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. दयाराम मौर्य 'रत्न' ने भी लेखक के प्रयासों की सराहना की।इस अवसर पर कवि नियाज प्रतापगढ़ी, अमित शुक्ल, आनंद मोहन ओझा और बाल कवयित्री सानवी त्रिपाठी ने काव्यपाठ किया। चांदनी दुबे ने भक्ति गीत प्रस्तुत किया। राकेश कुमार पांडेय, राजनारायण शुक्ल, अमरनाथ गुप्ता, कुंज बिहारी लाल, गिरिराज पांडेय सहित अन्य साहित्यकारों ने भी रचनाएं सुनाईं।आयोजक अखिल नारायण सिंह 'अकेला', पं. अनिल प्रताप त्रिपाठी और नियाज प्रतापगढ़ी ने आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संचालन राकेश कनौजिया ने किया। अंत में अखिल नारायण सिंह ने सभी के प्रति आभार जताया।
Comments
Post a Comment